चंद्रशेखर ग्वाला सिलचर।4 अगस्त।
कछार जिले के कालाइन क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन बेचने से रोकने पर एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही 65 वर्षीय मां की धारदार दाव से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अल्ताफ हुसैन ने अपनी 65 वर्षीय मां जरीना बेगम पर घर के भीतर धारदार दाव से ताबड़तोड़ कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण जरीना बेगम की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से परिवार में जमीन-जायदाद और घर-आंगन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जरीना बेगम ने बेटे को जमीन बेचने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार को, जब परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे, अल्ताफ हुसैन ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मां की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की आलीमुन नेसा नामक महिला उसे बचाने के लिए घर में पहुंची। लेकिन आरोपी ने उस पर भी दाव से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घायल महिला का उपचार कराया जा रहा है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
इस नृशंस घटना के बाद पूरे कालाइन क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
