छोटा दुधपाटिल ग्रांट के पूर्वलाइन उत्तरपाड़ा सड़क निर्माण हेतु विधायक राजदीप ग्वाला को सौंपा गया ज्ञापन
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 2 जून : सामाजिक संगठन ‘यूथ्स अगेंस्ट सोशल इविल्स’(यासी) केंद्रीय समिति तथा यासी छोटा दुधपाटिल जीपी समिति द्वारा उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छोटा दुधपाटिल ग्रांट के पूर्वलाइन उत्तरपाड़ा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मांग के समर्थन में यासी की ओर से 2 अगस्त 2024 को तत्कालीन असम लोक निर्माण विभाग मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने इस मुद्दे को लेकर संबंधित सरकारी विभागों एवं अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा और नियमित रूप से इसकी प्रगति पर नजर रखी।
पूर्व विधायक मिहिर कांति सोम के कार्यकाल के दौरान भी यासी जीपी समिति के सदस्य इस सड़क निर्माण के विषय में उनसे लगातार संपर्क करते रहे और मामले को आगे बढ़ाने का प्रयास करते रहे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में संबंधित विभाग द्वारा सड़क निर्माण के लिए सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज मंगलवार को यासी केंद्रीय समिति ने एक बार फिर क्षेत्र के वर्तमान विधायक राजदीप गोयाला को ज्ञापन सौंपकर मामले में उनके तत्काल हस्तक्षेप की मांग की तथा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया।
यासी छोटा दुधपाटिल जीपी समिति के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष गणेश मंडल ने किया। इस दौरान सचिव मनोज कालोवार, नंदू रविदास, बिजन रविदास, अहाद बड़भुइयां, साजन लस्कर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विधायक राजदीप गोयाला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण के इस महत्वपूर्ण मुद्दे के समाधान के लिए वे हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे तथा संबंधित विभाग के साथ आवश्यक पहल करेंगे।