शिवाजी नगर लोकनाथ मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की कोशिश

शिवाजी नगर लोकनाथ मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की कोशिश

शिलचर, संवाददाता।
तिरोधन उत्सव से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को शिवाजी नगर स्थित श्री श्री लोकनाथ मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की कोशिश की घटना सामने आने से क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के लगभग 4 बजे से 4:30 बजे के बीच कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व मंदिर का ताला तोड़कर परिसर में घुस गए। मंदिर के भीतर प्रवेश करने के बाद उन्होंने सामानों को अस्त-व्यस्त कर दिया तथा प्रণामी (दान) पेटी को तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, काफी कोशिशों के बावजूद वे दान पेटी को तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। मंदिर समिति की सदस्य नेली साहा और सोनाली कर्मकार ने इस घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि तिरोधन उत्सव जैसे पवित्र अवसर से पहले मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ का प्रयास न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है, बल्कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने बताया कि मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है तथा दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment