चोरी छिपे भारत में प्रवेश करने वाला बांग्लादेशी नागरिक हाइलाकांदी में गिरफ्तार

प्रतिनिधि हाइलाकांदी, ६ जुलाई: असम के हाइलाकांदी जिले में एक बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी से क्षेत्र में व्यापक सनसनी फैल गई है। जिले की जामीरा पुलिस चौकी के अंतर्गत पालइछड़ा द्वितीय खंड क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर बांग्लादेश के सिलहट जिले के निवासी साहेद अहमद को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार साहेद अहमद बांग्लादेश के सिलहट जिले के जकिगंज थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव का निवासी है। कुछ वर्ष पहले उसने हाइलाकांदी जिले के जामीरा क्षेत्र के पालइछड़ा गांव की एक भारतीय महिला से विवाह किया था। विवाह के बाद वह अपनी पत्नी के साथ मेघालय सहित देश के विभिन्न स्थानों पर काम के सिलसिले में रह रहा था। हालांकि, पिछले लगभग ढाई वर्षों से उसकी पत्नी और बेटी पालइछड़ा गांव में ही रह रही हैं।जानकारी के अनुसार दो दिन पहले साहेद अहमद अपनी बेटी को अपने साथ ले जाने के उद्देश्य से हाइलाकांदी आया था। इसकी गुप्त सूचना मिलने पर जामीरा पुलिस ने तत्काल अभियान चलाकर उसे पलाइछड़ा द्वितीय खंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि साहेद अहमद ने श्रीभूमि जिले से लगी भारत बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के किसी अवैध रास्ते का इस्तेमाल कर बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत में प्रवेश किया था। इसी आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।फिलहाल हाइलाकांदी पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि उसने सीमा का कौन सा मार्ग इस्तेमाल किया क्या इस अवैध प्रवेश में किसी दलाल गिरोह या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है तथा क्या वह पहले भी इसी प्रकार कई बार भारत में प्रवेश कर चुका है।पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना सामने आने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और अवैध घुसपैठ को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। साथ ही सीमा क्षेत्रों में निगरानी और अधिक सख्त करने की मांग भी विभिन्न स्तरों से उठ रही है।

Leave a Comment