गुमड़ा पुल की मरम्मत में देरी पर NHIDCL के खिलाफ सुब्रत चक्रवर्ती का हमला

प्रे.स. शिलचर, 06 जूलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग-6 स्थित गुमरा पुल की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य सुब्रत चक्रवर्ती ने NHIDCL पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि 28 जून को गुमरा पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद से राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर वाहनों का आवागमन बंद है, लेकिन मरम्मत कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। उनका आरोप है कि पुल की वर्तमान स्थिति के लिए NHIDCL की उदासीनता और रखरखाव में लापरवाही जिम्मेदार है।

सुब्रत चक्रवर्ती ने दावा किया कि एक RTI रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-6 की मरम्मत के लिए सरकार ने लगभग 15 करोड़ रुपये आवंटित किए थे, लेकिन सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद सड़क आज भी जर्जर क्यों है।

उन्होंने कहा कि पुल बंद होने के दौरान NHIDCL को राष्ट्रीय राजमार्ग के खराब हिस्सों की भी तेजी से मरम्मत करनी चाहिए थी, लेकिन इस दिशा में भी कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने विभाग से पुल और सड़क दोनों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने तथा आम लोगों की परेशानी दूर करने की मांग की।

Leave a Comment