चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी,  अनशन स्थल पर पहुंचे अमित कलवार

चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी,  अनशन स्थल पर पहुंचे अमित कलवार

प्रे.स. शिलचर, 17 फरवरी:

गत 12 तारीख से विभिन्न संगठनों के संयुक्त आह्वान पर न्यायोचित चार सूत्रीय मांगों को लेकर विष्णुप्रिया मणिपुरी समाज द्वारा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया गया है, जो लगातार जारी है। शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा यह आंदोलन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, इसकी गंभीरता और व्यापक जनसमर्थन स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है।

लंबा समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस और प्रभावी पहल न किए जाने से आंदोलनकारियों में नाराज़गी और आम लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। इस बीच अनशन पर बैठे लोगों की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।

आज आंदोलन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस नेता डॉ अमित कलवार ने आंदोलनकारियों से विस्तृत चर्चा की और उनकी मांगों के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने सरकार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि बातचीत के माध्यम से शीघ्र समाधान निकाला जाए। जनता की आवाज़ को अनदेखा कर किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि भविष्य में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार के गठन की स्थिति में इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह संघर्ष न्याय, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। जनता की जायज़ मांगों के समर्थन में वे पूरी दृढ़ता से साथ हैं और आगे भी रहेंगे।

Leave a Comment