मिजोरम के चम्फाई से चोरी हुई R15 मोटरसाइकिल को असम में प्रवेश करने से पहले ही धलाखाल चेकपोस्ट पर रोककर बरामद कर लिया गया।
3 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे MZ-01X-7383 नंबर की बाइक मिजोरम के सैफाई की ओर से तेज रफ्तार में धलाखाल चेकपोस्ट की तरफ आ रही थी। रुकने का संकेत देने के बावजूद बाइक सवार ने भागने की कोशिश की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय युवक राजा बर्मन ने भी बाइक का पीछा किया। बाद में बाइक को पकड़ लिया गया, लेकिन चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल 2 अक्टूबर की रात चम्फाई से चोरी हुई थी। आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद मोटरसाइकिल को उसके वास्तविक मालिक ललरिनथांगा को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में धलाई थाना प्रभारी ओसी सर्वेश्वर कुओर, सब-इंस्पेक्टर अभिनाश बर्मन तथा स्थानीय युवक राजा बर्मन की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण रही।
असम-मिजोरम अंतरराज्यीय सीमा पर चोरी की बाइक बरामद होने की इस घटना ने एक बार फिर सीमा पर निगरानी की महत्ता को उजागर किया है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि चम्फाई से चोरी हुई बाइक सीमा तक कैसे पहुंची और क्या इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है। इस दिशा में भी जांच की मांग उठ रही है।
चोरी की बाइक बरामद हो गई, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अब इस पूरे गिरोह का पता लगाना पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।