घुंघुर में धूमधाम से मनाया जा रहा 10 दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव, रोजाना उमड़ रहे श्रद्धालु

शिवकुमार,शिलचर:शिलचर के घुंघुर वेटरिनरी परिसर में घुंघुर गणेश पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष भी गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। 14 सितंबर से शुरू हुआ 10 दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव 23 सितंबर तक चलेगा। पूजा को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडाल में पहुंच रहे हैं।

वर्ष 2019 में स्थापित घुंघुर गणेश पूजा कमेटी द्वारा आयोजित इस उत्सव में पूजा-पाठ के साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। कमेटी के अध्यक्ष संतोष नुनिया ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में समिति के 81 सदस्य सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

गणेश पूजा के अवसर पर बच्चों के लिए आर्ट कॉम्पिटिशन का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का परिणाम घोषित करने के बाद सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल प्रथम या अंतिम स्थान पर ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि सभी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें उपहार दिए गए।

पूजा के दौरान प्रत्येक शाम भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। कमेटी के अनुसार प्रतिदिन करीब डेढ़ से दो हजार श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पूजा में शामिल होने पहुंच रहे हैं।

कमेटी के अध्यक्ष संतोष नुनिया ने बताया कि पिछले वर्ष भी पूजा पंडाल में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा पहुंचे थे और गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया था। इससे पूजा आयोजन से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला था।

वहीं, इस वर्ष पूजा के दौरान दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके अलावा कमेटी से जुड़े दो दिवंगत सदस्यों को भी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

घुंघुर गणेश पूजा कमेटी के इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ बच्चों की भागीदारी, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद और सामाजिक सहभागिता देखने को मिल रही है। 23 सितंबर तक चलने वाले इस उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है।

Leave a Comment