देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सिपाही/जीडी के.एच.आई. सिंघा की शहादत दिवस पर सोमवार को सी.आर.पी.एफ., ग्रुप केन्द्र, शिलचर द्वारा उनके पैतृक गांव जीवनग्राम ( ढोलाई) में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, परिजनों, रिश्तेदारों तथा स्थानीय लोगों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ज्ञातव्य है कि २९ जून २०१० को सी.आर.पी.एफ. की ३९वीं बटालियन की एक टुकडी छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के महाराबेरा गांव में रोड अपनिंग ड्यूटी पर तैनात थी । इसी दौरान ड्यूटी से वापस लौटते समय माओवादियों ने घात लगाकर जवानों पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। बल की टुकडी ने साहसपूर्वक जवाबी कार्रवाई की और माउवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सिपाही/जीडी के.एच.आई. सिंघा गंभीर रूप से घायल हो गए और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
शहादत दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र शिलचर के सहायक कमांडेंट श्री अनंत राजवंशी के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जवानों का एक दल शहीद के गांव पहुंचा। कार्यक्रम में उप. निरीक्षक/जीडी एल. इबुनगोबी. सिंघा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की ।