ग्रुप केंद्र केरिपुबल शिलचर में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, मोंटेसरी स्कूल से निकली तिरंगा रैली

शिलचर, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुबल), शिलचर में बुधवार को देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।

ग्रुप केंद्र के परेड ग्राउंड में आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम में उदय प्रताप सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र, केरिपुबल, शिलचर की गरिमामय उपस्थिति रही। बैंड की मधुर धुन के बीच अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा किए गए सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र, शिलचर रेंज तथा संयुक्त अस्पताल शिलचर के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन का उद्देश्य कार्मिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।

इसी क्रम में ग्रुप केंद्र के मोंटेसरी स्कूल से स्वतंत्रता रैली एवं तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। रैली का शुभारंभ सीमा सिंह, अध्यक्षा, RCWA, शिलचर की उपस्थिति में हुआ। रैली में अधिकारियों, कार्मिकों और बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में मार्च किया। देशभक्ति के नारों से गूंजती रैली ने पूरे परिसर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों में स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रगौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment