शिलचर,। विद्यार्थियों में परीक्षा संबंधी मानसिक तनाव और चिंता को दूर करने के उद्देश्य से गुरुचरण विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की पहल पर आज विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष चर्चा एवं काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएमसीएच) के मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष तथा प्रसिद्ध काउंसलर डॉ. प्रसनजीत घोष थे। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों और मनोवैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा के दौरान मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने तथा कठिन परिस्थितियों से उबरने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. बंदना थाउसेन के स्वागत भाषण से हुई। संचालन चैती भट्टाचार्य ने किया। विश्वविद्यालय के अकादमिक रजिस्ट्रार डॉ. अभिजीत नाथ तथा रसायन विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुभाष देवनाथ ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की सफलता के साथ मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा तथा संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के करीब 137 विद्यार्थी और शिक्षक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। चर्चा के बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने परीक्षा से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत चिंताओं को विशेषज्ञों के सामने रखा और उपयोगी परामर्श प्राप्त किया।
अंत में मुख्य वक्ता, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों तथा आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अंकिता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।