गुमड़ा बाजार में भीषण अग्निकांड, एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र जलकर राख

गुमड़ा बाजार में भीषण अग्निकांड, एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र जलकर राख
शिलचर, 27 दिसंबर:
शुक्रवार शाम करीब सात बजे पश्चिम काठीघोड़ा क्षेत्र के गुमड़ा बाजार में एक भीषण अग्निकांड की घटना घटी। इस आग में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बाजार की कई अन्य दुकानें बच गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सीएसपी बंद था। अचानक दुकान के भीतर से धुआं निकलता देख बाजार में मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी और लोग घटनास्थल पर जुट गए तथा पुलिस को खबर दी गई।
सूचना पाकर गुमड़ा जांच केंद्र के प्रभारी प्रणब मिलि दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने में देरी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच स्थानीय व्यापारियों ने बाजार के पास स्थित एक तालाब से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया।
पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक सीएसपी में रखे बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। सौभाग्यवश, आसपास की कई दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं।
सीएसपी के संचालक सुमित कुमार तामली ने आरोप लगाया कि यह अग्निकांड विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि इस घटना में लगभग चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

Leave a Comment