कछार में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय

कछार में आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय
पंद्रह दिनों में नदी में कूदने की तीन घटनाएँ, बराक नदी से महिला को समय रहते बचाया गया

कछार जिले में आत्महत्या की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। बीते पंद्रह दिनों के भीतर पुल से नदी में कूदने की तीन घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। ताज़ा मामला शनिवार देर शाम बड़ेखला क्षेत्र का है, जहाँ एक महिला ने बराक नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। सौभाग्यवश समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता से महिला की जान बचा ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम कालाइन–शिलचर सड़क पर रानीघाट स्थित बराक नदी पर बने अलताफ पुल से महिला ने नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर महिला को बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। खबर मिलते ही भंगारपार पुलिस चौकी के कर्मी घटनास्थल पर पहुँचे और महिला को तत्काल सोनापुर रामकमल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। फिलहाल महिला की शारीरिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कटिगड़ा में बराक नदी पर स्थित ग्यामन पुल और रेल पुल से पाँच दिनों के अंतराल में दो महिलाओं द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जिले में चिंता का माहौल बन गया है।

पीड़िता ने बताया कि वह शिलचर शहर के उपनगर बुधराइल इलाके की निवासी है और पारिवारिक व सामाजिक तनाव के कारण उसने यह कठोर कदम उठाने का प्रयास किया। प्रशासन और समाज के लिए यह एक गंभीर चेतावनी है कि मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक समस्याओं पर समय रहते ध्यान देना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

Leave a Comment