गड़वार में महाशिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
गड़वार (बलिया):
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर स्थानीय कस्बा स्थित शिव शक्ति मंदिर से मंदिर कमेटी के तत्वावधान में भगवान शिव की भव्य एवं आकर्षक बारात धूमधाम से निकाली गई। गोंडऊ नृत्य, डफरा, मृदंग, तासे, डीजे बैंड और घोड़ों के साथ निकली इस बारात ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
बारात मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, हनुमान गढ़ी तिराहा होते हुए गांव में प्रवेश की और पूरे गांव का भ्रमण करते हुए बाजार, थाना चौराहा से बभनौली गांव तक पहुंची। वहां से पुनः वापस आकर मंदिर प्रांगण में बारात का समापन हुआ।
बारात में भगवान शिव, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, नारद, राधा-कृष्ण, हनुमान, शिवगण और भूत-प्रेत का स्वरूप धारण किए छोटे बच्चों की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। श्रद्धालु महिलाओं ने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया।
विभिन्न समाजसेवियों द्वारा बारातियों और श्रद्धालु भक्तों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी। शिव बारात में सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ पूर्व मंत्री भी सम्मिलित हुए।
इसी प्रकार क्षेत्र के कोटवां गांव में भी आकर्षक शिव बारात निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली इन भव्य शिव बारातों ने पूरे क्षेत्र में आस्था, उत्साह और भाईचारे का संदेश दिया।