क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, शिलचर में दिनांक 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित हिंदी पखवाड़ा–2026 का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। हिंदी पखवाड़े का आयोजन संस्थान के सहायक निदेशक एवं प्रभारी डॉ. आर. मुरुगेश्वरन के मार्गदर्शन में किया गया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत दिनांक 24 सितंबर 2026 को “दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का महत्त्व” विषय पर हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राजभाषा हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए।
दिनांक 26 सितंबर 2026 को हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका संचालन अनुसंधान अधिकारी (यूनानी) डॉ. नाज़िम हुसैन ने किया। प्रतियोगिता के सभी प्रश्न डॉ. नाज़िम हुसैन द्वारा तैयार किए गए तथा उन्होंने रोचक और ज्ञानवर्धक ढंग से संपूर्ण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा, साहित्य और राजभाषा संबंधी अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
हिंदी पखवाड़े के अंतिम दिन, दिनांक 28 सितंबर 2026 को हिंदी काव्य-पाठ प्रतियोगिता एवं समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर असम विश्वविद्यालय के प्रो. कृष्ण मोहन झा ने अतिथि एवं विषय-विशेषज्ञ के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की। संस्थान की ओर से उनका शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया तथा हिंदी भाषा एवं साहित्य के महत्त्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई तथा उन्हें पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सभी प्रतियोगिताओं में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से प्रो. कृष्ण मोहन झा को उनके बहुमूल्य सहयोग एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
हिंदी पखवाड़े के सभी कार्यक्रमों का समन्वय संस्थान के राजभाषा अधिकारी एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य-सचिव डॉ. अब्दुल अलीम द्वारा किया गया। उन्होंने हिंदी पखवाड़े को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले संस्थान प्रभारी, अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाना, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।