एलआईसी शिलचर मंडल कार्यालय में हिन्दी पखवाड़े का समापन

हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

प्रे.सं., शिलचर, 28 सितंबर। मेहरपुर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के शिलचर मंडल कार्यालय में 15 दिवसीय हिन्दी पखवाड़े का सोमवार को विविध कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

समारोह में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संदीप चौधरी, प्रबंधक गोविन्द दास, प्रबंधक दिव्येन्दु दास और प्रबंधक राजीव कुमार सिंह मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रेरणा भारती की संपादक श्रीमती सीमा कुमार उपस्थित थीं। उनका स्वागत प्रबंधक गोविन्द दास ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ निगम गीत के सामूहिक गायन से हुआ।

इसके बाद आशुभाषण (तत्कालिक भाषण) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर तीन मिनट का भाषण देना था। प्रतियोगिता में शंकरी भट्टाचार्य ने प्रथम, मौसमी दे और उदयन भट्टाचार्य ने द्वितीय, राजीव भट्टाचार्य और झूमा दास ने तृतीय तथा मौसमी पुरकायस्थ और देवाशीष दास ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

अपने संबोधन में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संदीप चौधरी ने कहा कि यह क्षेत्र हिन्दी के ‘ग’ क्षेत्र में आता है। ऐसे में हमें क्रमशः हिन्दी माध्यम में कार्य करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दी सरल भाषा है और सोशल मीडिया तथा चलचित्रों के माध्यम से सहज रूप से लोगों तक पहुंच रही है।

प्रबंधक दिव्येन्दु दास ने कहा कि वर्ष 1949 में हिन्दी को राजभाषा का दर्जा मिला था और इसके प्रयोग को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को हिन्दी अधिकारी की उपस्थिति में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें मौसमी पुरकायस्थ ने प्रथम, शंकरी भट्टाचार्य ने द्वितीय तथा झूमा दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा कुमार ने हिन्दी पखवाड़े के उद्देश्य तथा हिन्दी के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर सारगर्भित विचार रखे। इसके बाद महिला कर्मचारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संगीत प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन दीपंकर भादुड़ी और उदयन भट्टाचार्य ने किया। आयोजन में विकास कुर्मी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। समारोह का समापन वंदेमातरम् गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment