कोकराझार में हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का सम्मान

कोकराझार में हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का सम्मान
कोकराझार, 31 मई। सदौ असम बंगाली युवा-छात्र फेडरेशन की चिथिला आंचलिक समिति के तत्वावधान में रविवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाईस्कूल शिक्षांत (एचएसएलसी) तथा उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त करने वाले क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का आधार है और विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्रों से जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में सदौ असम बंगाली युवा-छात्र फेडरेशन के केंद्रीय उपाध्यक्ष गोपाल घोष, महासचिव इंद्रजीत देवनाथ, चिथिला उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विष्णुपद शील शर्मा, सुशांत सूत्रधर, मनीष देवनाथ तथा कोकराझार जिला समिति के अध्यक्ष नेपाल बर्मन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सम्मानित विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment