गौतम सरकार एवं हीरक बनिक, रामकृष्णनगर, 19 जुलाई। रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के बरुआला जीपी अंतर्गत पूर्व बरुआला गांव के 6 नंबर वार्ड निवासी किसान रितेंद्र कुमार नाथ और शिल्पी रानी नाथ के बड़े बेटे रूपम नाथ ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रूपम ने असम विश्वविद्यालय से गणित विषय में एमएससी की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने के साथ 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है।
रूपम की इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे इलाके में खुशी की लहर है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद रूपम ने कभी हार नहीं मानी और निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता रहा। उसकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए केवल आर्थिक संपन्नता ही नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण भी आवश्यक है।
रूपम की सफलता की खबर मिलने के बाद रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के विशिष्ट समाजसेवी अमृत पाल रविवार को उसके घर पहुंचे और उसे उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने रूपम को बधाई देते हुए कहा कि बरुआला जीपी के एक दूरदराज गांव के गरीब किसान परिवार के बेटे ने असम विश्वविद्यालय से एमएससी में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। यह पूरे बरुआला क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने रूपम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
अपनी सफलता पर रूपम नाथ ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ा योगदान उसके माता-पिता, मामा-मामी तथा स्कूल और कॉलेज के शिक्षकों का है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद सभी ने उसका पूरा सहयोग किया। रूपम ने बताया कि भविष्य में उसका लक्ष्य NET परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर बनना है।
रूपम के पिता रितेंद्र कुमार नाथ एक गरीब किसान हैं और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दूसरों के खेतों में मजदूरी भी करते रहे हैं। ऐसे कठिन आर्थिक हालात में पले-बढ़े रूपम की यह सफलता पूरे रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
इस अवसर पर रूपम की मामी संपु नाथ, मामा रिंकू दास, माता-पिता सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।