शमीन्द्र पाल, काठीघोड़ा, 16 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के बीच शनिवार को कछार जिले के काठीघोड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-6 पर एक टाटा मैजिक के पलट जाने से 10 श्रमिक घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, AS-11-DC-4840 नंबर की टाटा मैजिक श्रमिकों को लेकर मोहनपुर इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर पलट गया। बताया गया है कि वाहन के पीछे सीमेंट, कंक्रीट और बालू का मिश्रण तैयार करने वाली एक मशीन भी बांधी गई थी।
दुर्घटना में कई श्रमिक वाहन से छिटककर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल काठीघोड़ा मॉडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन श्रमिकों को शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
रेफर किए गए घायलों की पहचान हिलाड़ा निवासी नीला बराई (42), कालाइन बागान निवासी मणि कर्मकार (30) और कालाइन निवासी देवा तांती (27) के रूप में हुई है।
घटना के बाद श्रमिकों के परिवहन और वाहन की क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। टाटा मैजिक में निर्धारित क्षमता से अधिक श्रमिकों को ले जाया जा रहा था या नहीं तथा वाहन के पीछे भारी मशीन बांधकर ले जाने से सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ था या नहीं, इसकी जांच आवश्यक मानी जा रही है।
सूचना मिलने पर काठीघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।