काछार में 15 दिवसीय इनपुट डीलर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

कृषि, उर्वरक व्यवसाय के लाइसेंस, खरपतवार नियंत्रण और कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग संबंधी विषयों पर दी गई जानकारी

शिलचर, 15 अक्टूबर। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के तत्वावधान में 30 सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित 15 दिवसीय इनपुट डीलर प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कृषि विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, असम विश्वविद्यालय के कृषि अभियांत्रिकी विभाग, गैर-सरकारी संगठनों के अनुभवी कार्यकर्ताओं तथा अनुभवी डीलरों ने सहयोग प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. राहुल चक्रवर्ती ने कृषि एवं उससे संबंधित विभिन्न क्षेत्रों, सरकारी योजनाओं, उर्वरक व्यवसाय के लाइसेंस तथा आईडी नंबर प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सुरेश चंद्र विश्वास ने वर्षा जल संरक्षण, बराक घाटी की फसल प्रणाली तथा कीटनाशकों के छिड़काव के दौरान सुरक्षात्मक वस्त्रों के उपयोग के महत्व पर प्रशिक्षण दिया। दीमा हसाओ के जिला कृषि विकास अधिकारी बामन तिमुंग ने खरपतवार की पहचान, उसके नियंत्रण, खरपतवारनाशकों के उपयोग तथा खरपतवार प्रबंधन की समन्वित पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम एवं पाठ्यक्रम का कुशल संचालन मृदा विज्ञान विषय की विशेषज्ञ अनिंदिता दास ने किया। डॉ. हिमांशु मिश्रा और मनोरंजन राय ने पूरे कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त डॉ. थॉमस ताये, स्वाति विश्वास, हरलोंगवी तिमुंग, नोंग ई तेरांग, प्रसंजित सिन्हा और बेबी दास ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

प्रशिक्षणार्थियों तथा विभिन्न संबंधित विभागों के विशेषज्ञों के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment