काछार में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस की सख्त तैयारी, हेल्पलाइन नंबर जारी

काछार में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस की सख्त तैयारी, हेल्पलाइन नंबर जारी

रानु दत्त शिलचर, 17 मार्च: आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कछार जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कछार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सैकिया ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,732 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से कई केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

एसएसपी ने आगे कहा कि इन संवेदनशील केंद्रों पर राज्य पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। केंद्रीय बलों की कई कंपनियां पहले ही काछार पहुंच चुकी हैं और विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च तथा गश्त शुरू कर दी गई है।

चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या सूचना देने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यह नंबर है 6026900678। आम नागरिक इस नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सैकिया ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Comment