कछाड़ में आकाशीय बिजली गिरने से 44 वर्षीय महिला की मौत, मंदिर कार्यक्रम से लौटते समय हादसा
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 17 मार्च : काछाड़ जिले के बांसकांदी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक 44 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान पुष्पा रानी ग्वाला के रूप में हुई है, जो बद्री बस्ती इलाके की निवासी थीं।
यह हादसा रविवार शाम लगभग 5 बजे उस समय हुआ, जब वह मंत्री कौशिक राय के कार्यक्रम,पंचानन शिव मंदिर के पुनर्निर्माण उद्घाटन समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रही थीं। घर लौटते समय अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी।
इसी दौरान खेत पार करते समय अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे हादसों से बचाव के लिए जागरूकता और आवश्यक सुरक्षा उपायों को बढ़ावा दिया जाए।