शिलचर में 8 सितंबर को ‘शत कंठ’ कार्यक्रम, तैयारियां अंतिम चरण में
शिलचर, 4 सितंबर। भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में बैतिक्रम परिवार की पहल पर काछार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भूपेन हजारिका आधारित संगीत प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। अब आगामी 8 सितंबर को शिलचर के बंग भवन में आयोजित मुख्य समारोह में ‘शत कंठ’ से भूपेन हजारिका के गीतों की सामूहिक प्रस्तुति को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को शिलचर संगीत विद्यालय के सभागार में वरिष्ठ एवं युवा कलाकारों ने सामूहिक अभ्यास किया। अभ्यास से पहले कलाकारों ने भारत रत्न एवं ‘सुधाकंठ’ डॉ. भूपेन हजारिका के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके लोकप्रिय गीतों की सामूहिक प्रस्तुति का पूर्वाभ्यास किया गया।
कार्यक्रम में बैतिक्रम परिवार के सदस्यों के साथ शिलचर संगीत विद्यालय की प्राचार्या नंदिनी चक्रवर्ती, भास्कर दास, जयदीप चक्रवर्ती, परिमल पुरकायस्थ, पी. एन. ब्रह्म, गौतम सिन्हा, असीमानंद विश्वास सहित कई कलाकार उपस्थित रहे।
स्थानीय कलाकारों ने कहा कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित संगीत प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी में भूपेन हजारिका के गीतों, विचारों और सृजनधर्मिता के प्रति रुचि बढ़ी है। 8 सितंबर के शत कंठ कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए कलाकारों और आयोजकों की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।