काछाड़ में भाजपा ने 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की, अध्यक्ष रूपम साहा बोले— 100 से अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य

काछाड़ में भाजपा ने 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की, अध्यक्ष रूपम साहा बोले— 100 से अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य

शिलचर, 5 जनवरी (रानू दत्त की रिपोर्ट):
भारतीय जनता पार्टी ने काछाड़ जिले से आगामी 2026 के असम विधानसभा चुनाव की औपचारिक तैयारी और प्रचार का आगाज़ कर दिया है। काछाड़ जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा ने जिला कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी 2025 को काछाड़ जिला भाजपा अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद बीते एक वर्ष में रूपम साहा ने मात्र 18 दिन को छोड़कर शेष पूरा समय संगठन के कार्यों में समर्पित किया। उनके नेतृत्व में जिला भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों ने भी निरंतर पार्टी हित में काम किया है।

पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए रूपम साहा ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न जनहित मुद्दों को सामने रखते हुए भाजपा ने आज से ही विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि असम को सुरक्षित और सशक्त बनाए रखने के लिए भाजपा 2026 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

राज्य की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को लेकर चिंता जताते हुए रूपम साहा ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ असम की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में वर्तमान भाजपा सरकार ने घुसपैठ रोकने के लिए ऐसे कड़े कदम उठाए हैं, जो असम के इतिहास में पहले कभी देखने को नहीं मिले।

आगामी चुनाव को लेकर पार्टी के लक्ष्य की जानकारी देते हुए रूपम साहा ने कहा कि भाजपा कम से कम 100 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को विजयी बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी असम में भाजपा की सरकार बनेगी।

पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमिताभ राय, गोपाल कांती राय, राजेश दास, चामेली पाल, मून स्वर्णकार तथा काछाड़ जिला परिषद के चेयरमैन कंकन नारायण सिकदार उपस्थित थे।

Leave a Comment