कछार में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद, संयुक्त अभियान में तीन तस्कर गिरफ्तार

कछार (असम), 4 अगस्त। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत असम राइफल्स ने कछार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। लक्षीपुर क्षेत्र के भुबन पहाड़ स्थित मोतीनगर इलाके में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए।

अभियान के दौरान लगभग 1,10,000 याबा टैबलेट (करीब 14 किलोग्राम) तथा 223 ग्राम हेरोइन से भरे 10 साबुन के डिब्बे बरामद किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी के नेटवर्क में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों, बरामद मादक पदार्थों तथा अन्य जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कछार पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

असम राइफल्स ने कहा कि यह सफलता मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध उसकी सतत और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है। असम राइफल्स ने यह भी दोहराया कि वह नागरिक पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment