कछार पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई में बड़ी सफलता, डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद, नगांव के दो तस्कर गिरफ्तार

कछार पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई में बड़ी सफलता, डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन बरामद, नगांव के दो तस्कर गिरफ्तार
शिलचर, 1 जून: कछार पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में नगांव जिले के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कछार जिले के कालाइनछड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए गुप्त चेंबर से 22 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई कुल 258 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) रजत कुमार पाल ने बताया कि बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले में नगांव जिले के निवासी आसिकुर रहमान और मुक्तार हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा इसके अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले के प्रमुख मार्गों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सघन जांच अभियान को और तेज कर दिया गया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। कछार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

Leave a Comment