कछार पुलिस अधीक्षक की पहल से ‘श्रद्धांजलि’ योजना के तहत हैदराबाद से घर पहुंचा युवक का पार्थिव शरीर
शिलचर, 8 जून। असम सरकार की जनकल्याणकारी ‘श्रद्धांजलि’ योजना और कछार जिला पुलिस अधीक्षक के विशेष प्रयासों से हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में मृत कछार निवासी युवक साहाब उद्दीन लस्कर का पार्थिव शरीर रविवार को उसके पैतृक गांव पहुंचाया गया। पूरी प्रक्रिया सरकारी खर्च पर संपन्न होने से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, आरकटीपुर निवासी साहाब उद्दीन लस्कर की 6 जून को हैदराबाद में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे हैदराबाद से पार्थिव शरीर को असम तक ला सकें।
ऐसे कठिन समय में कछार जिला पुलिस और राज्य प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया। कछार के पुलिस अधीक्षक की सक्रिय पहल पर असम सरकार की ‘श्रद्धांजलि’ योजना के अंतर्गत मृतक का पार्थिव शरीर पूरी तरह नि:शुल्क उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
रविवार सुबह जब ताबूत में बंद पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस कठिन घड़ी में सरकार और प्रशासन द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता तथा त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
मृतक के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने असम सरकार, कछार जिला पुलिस प्रशासन, मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा तथा विधायक राजदीप ग्वाला के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ‘श्रद्धांजलि’ योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए संकट की घड़ी में एक बड़ी सहायता साबित हो रही है, जिससे दूर-दराज राज्यों में दिवंगत हुए लोगों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है।