कछाड़ जिला भाजपा ने शिलचर से 9 वीडियो वेन को किया रवाना
प्रे.स. शिलचर, 25 जनवरी :
भारतीय जनता पार्टी कछाड़ जिला इकाई की ओर से शनिवार को शिलचर के एक खेल मैदान से जिले के लिए 9 वीडियो वेन को औपचारिक रूप से रवाना किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष रुपम साहा ने झंडा दिखाकर इन वेनों को रवाना किया। यह पहल आगामी 2026 विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जनता से सुझाव एकत्र करने के उद्देश्य से की गई है।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष रुपम साहा ने बताया कि असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जनता की राय और सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसी उद्देश्य से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की बस्तियों, बाजारों और चाय बागानों में वीडियो वेन भेजी जा रही हैं, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों, संगठनों और व्यक्तियों से प्रत्यक्ष सुझाव प्राप्त किए जा सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित राज्य के मंत्री कौशिक राय ने जानकारी दी कि राज्य भाजपा के निर्देशानुसार पूरे असम में कुल 103 वीडियो वेन रवाना की गई हैं, जिनमें से 94 वेनों को गुवाहाटी से मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाई गई। उन्होंने कहा कि यह पहल आम जनता की आवाज़ को सीधे पार्टी तक पहुँचाने और जनकल्याणकारी, यथार्थवादी व विकासोन्मुख संकल्प पत्र तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक विकसित और सशक्त असम के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
बराक घाटी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को कवर करने के उद्देश्य से शिलचर से 9 वीडियो वेन रवाना की गई हैं। इन वेनों के माध्यम से केंद्र एवं असम सरकार द्वारा हाल के वर्षों में किए गए विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। आम नागरिक अपने सुझाव वेन में लगाए गए विशेष सुझाव बॉक्स में लिखकर डाल सकते हैं, साथ ही 7002162162 नंबर पर कॉल कर भी अपनी राय दर्ज करा सकते हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ, तीन भाजपा विधायक सहित जिला भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक साथ भाजपा का झंडा दिखाकर वीडियो वेनों को रवाना किया।