ऑटोमोबाइल व्यवसायियों के लिए जीएसटी अनुपालन पर जागरूकता बैठक कानून का पालन करने का आह्वान
प्रीतम दास हाइलाकांदी, ४ जून : ऑटोमोबाइल क्षेत्र के करदाताओं के बीच वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित नियमों एवं प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कर व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा वैधानिक व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हैलाकांडी जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण जीएसटी जागरूकता एवं संवेदनशीलता बैठक आयोजित की गई।यह बैठक असम राज्य जीएसटी विभाग की पहल तथा मुख्य कर आयुक्त (स्टेट टैक्स), असम के निर्देशानुसार आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ऑटोमोबाइल डीलर वाहन विक्रेता, स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी एवं संबंधित करदाता उपस्थित रहे।जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित व्यवसायियों को जीएसटी कानून के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा वर्तमान कर व्यवस्था में अनुपालन के महत्व को स्पष्ट किया।चर्चा के दौरान समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल करने व्यावसायिक लेन-देन का सही लेखा जोखा रखने ई-वे बिल के उचित उपयोग, वैध कर चालान (टैक्स इनवॉइस) जारी करने इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त करने के नियमों तथा अन्य कानूनी दायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने करदाताओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर भी दिया तथा जीएसटी से जुड़े जटिल विषयों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि करदाता कानून के अनुसार अपना व्यवसाय संचालित करते हैं तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का समुचित पालन करते हैं, तो राज्य जीएसटी विभाग सदैव उनके साथ रहेगा तथा आवश्यक सहयोग एवं तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।साथ ही व्यवसायियों को कर चोरी फर्जी बिल तैयार करने काल्पनिक लेन देन दर्शाने तथा अन्य अनियमित गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।जीएसटी विभाग की ओर से स्पष्ट रूप से बताया गया कि कर व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा राजस्व की सुरक्षा के हित में कानून उल्लंघन की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अथवा संस्था जीएसटी कानून का उल्लंघन करती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने इस प्रकार की जागरूकता पहल का स्वागत किया। उनका कहना था कि जीएसटी से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं जटिल विषयों को सरल ढंग से प्रस्तुत किए जाने से उन्हें काफी लाभ हुआ है। उन्होंने यह भी मत व्यक्त किया कि भविष्य में व्यवसाय संचालन के दौरान कानून का पालन करने अभिलेखों का सही रखरखाव करने तथा कर संबंधी दायित्वों का समुचित निर्वहन करने में यह बैठक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम करदाताओं एवं प्रशासन के बीच पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने तथा एक पारदर्शी एवं जवाबदेह कर व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।