हाइलाकांदी, 15 जुलाई। लगभग एक दशक की लंबी प्रतीक्षा के बाद हाइलाकांदी विधानसभा क्षेत्र के मोहानपुर चतुर्थ खंड के अनेक परिवारों के घरों में आखिरकार बिजली पहुंच गई। वर्षों से बिजली सुविधा से वंचित रहे ग्रामीणों के घर रोशन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने हाइलाकांदी के विधायक डॉ. मिलन दास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयास और पहल के कारण वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग अब पूरी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बिजली के अभाव में उन्हें दैनिक जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से विद्यार्थियों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और शाम के बाद सामान्य जीवन प्रभावित होता था। अब बिजली मिलने से बच्चों की शिक्षा, घरेलू सुविधाओं और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक डॉ. मिलन दास का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य जारी रहेंगे।