एक चोरी की घटना को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ रामकृष्णनगर क्षेत्र का कालीपूजा एवं दीपावली उत्सव

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 9 नवंबर : बंगाली समुदाय के प्रमुख त्योहारों में से एक कालीपूजा एवं दीपावली का उत्सव रामकृष्णनगर क्षेत्र में इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कालीपूजा की धूम रही। पूजा से काफी पहले ही विभिन्न क्लबों एवं पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। कालीपूजा और दीपावली के अवसर पर पूरे रामकृष्णनगर क्षेत्र में दो दिनों तक उत्सव का माहौल बना रहा।

शहरी क्षेत्रों में आकर्षक थीम पर आधारित पूजा पंडालों को देखने के लिए रातभर श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की भीड़ उमड़ती रही। इस वर्ष ‘आमरा छात्रदल’, टाउन क्लब, अग्रणी सेवा संघ फाउंडेशन, आर्यभट्ट क्लब तथा कॉलेज रोड नवजागरण संघ की पूजा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इन पूजा पंडालों का उद्घाटन विधायक विजय मालाकार ने फीता काटकर किया।

बालीछड़ा फ्रेंड्स क्लब की पूजा इस वर्ष पांचवें वर्ष में प्रवेश कर गई। सीमित स्थान में भी आयोजकों ने बेहद सुंदर तरीके से पूजा का आयोजन किया। विशेष रूप से कुछ पूजा पंडालों की आकर्षक थीम ने शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कई पूजा समितियों की ओर से बाहरी कलाकारों को आमंत्रित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न पूजा पंडालों में रात से सुबह तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

कुछ सामाजिक संगठनों ने कालीपूजा एवं दीपावली के अवसर पर आम लोगों के बीच दीपक, तेल और आतिशबाजी का वितरण भी किया। रामकृष्णनगर थाना परिसर तथा व्यवसायी समिति की ओर से भी कालीपूजा का आयोजन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामकृष्णनगर पुलिस रातभर शहर में गश्त लगाती रही।

चाय बागान क्षेत्रों में भी स्थानीय लोगों ने कालीपूजा एवं दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया। प्रत्येक घर में युवाओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। हिंदू धार्मिक परंपरा के अनुसार चतुर्दशी के अवसर पर चौदह प्रकार की साग-सब्जियां खाने और चौदह दीप जलाने की परंपरा भी निभाई गई। लोगों ने अपने निजी अथवा सार्वजनिक तालाबों के किनारे चौदह दीप प्रज्वलित किए।

हालांकि, कालीपूजा के दिन चोरी की एक घटना ने उत्सव के माहौल में चिंता पैदा कर दी। कदमतला निवासी शिवानी दत्त चौधरी के घर में चोरों ने उस समय हाथ साफ कर दिया, जब वह पास के काली मंदिर में पूजा करने गई थीं। इस दौरान चोरों ने घर से गैस सिलेंडर, सोने के आभूषण और नकदी चुरा ली। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से दुर्गापूजा के दौरान चोरी की घटनाएं हो रही थीं और इस बार चोरों ने कालीपूजा के दौरान भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

बहरहाल, चोरी की इस एक घटना को छोड़कर रामकृष्णनगर क्षेत्र में कालीपूजा एवं दीपावली का त्योहार कुल मिलाकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment