एकल विद्यालयों के सहयोगार्थ शिलचर में ‘एफटीएस दीपावली मेला’ आयोजित, 30 स्टॉलों पर महिला उद्यमियों ने दिखाया उत्साह

दीप देव शिलचर, 31 अक्टूबर: आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा एकल विद्यालयों के शैक्षणिक कार्यों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को शिलचर के सोनाई रोड स्थित एक विवाह भवन में ‘एफटीएस दीपावली मेला’ का आयोजन किया गया। फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) महिला समिति की ओर से आयोजित इस एकदिवसीय मेले में महिला उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में लगभग 30 स्टॉल लगाए गए।

सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित इस मेले में दीपावली के अवसर पर विभिन्न प्रकार के आकर्षक उत्पादों, खान-पान की वस्तुओं तथा मनोरंजन से जुड़ी सामग्रियों की व्यवस्था की गई थी। मेले में खरीदारी के साथ-साथ लोगों को त्योहार के उल्लास और उत्सवी माहौल का आनंद लेने का अवसर मिला।

आयोजक समिति की सदस्यों ने बताया कि मेले से प्राप्त होने वाली आय एकल विद्यालयों के शिक्षा संबंधी कार्यक्रमों में खर्च की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी एवं दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों को आर्थिक सहयोग देना है।

कार्यक्रम में संगठन की अध्यक्ष नीरू शर्मा, सचिव पूजा सारदा, कोषाध्यक्ष शेफाली खंडेलवाल तथा प्रचार सचिव विनीता खंडेलवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थीं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मेले में सहभागिता करने और एकल विद्यालयों के शिक्षा अभियान को सहयोग देने की अपील की।

महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े इस आयोजन ने दीपावली के उत्सव को सेवा एवं शिक्षा के संकल्प के साथ जोड़ने का सार्थक प्रयास किया।

Leave a Comment