उधारबंद: 80वां स्वतंत्रता दिवस उधारबंद में पूरे सम्मान, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही देशभक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पुलिस-प्रशासन तथा सामाजिक संगठनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।
उधारबंद सर्किल कार्यालय में सर्किल अधिकारी प्रणवानंद दोआरा, लोक निर्माण विभाग के टेरिटोरियल डिवीजन में अधिकारी राजेन डेका, ब्लॉक कार्यालय में क्षेत्रीय पंचायत अध्यक्ष सुमन केओट तथा थाना परिसर में पुलिस अधिकारी चिरंजीत बोरा ने तिरंगा फहराया। वन विभाग कार्यालय में अधिकारी कनोज कांति नाथ ने ध्वजारोहण किया।
शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। डीएनएचएस स्कूल में प्रधानाचार्या कात्यायनी दत्त चौधरी, उधारबंद जगन्नाथ सिंह कॉलेज में प्राचार्य डॉ. समरेंद्र कुमार सिंह तथा डाइट में प्राचार्य दिव्येंदु दत्त के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुए। स्वास्थ्य केंद्र में एसडीएमओ डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला ने ध्वजारोहण किया। एपीडीसीएल कार्यालय सहित अन्य संस्थानों में भी कार्यक्रम हुए।
इस अवसर पर उधारबंद के विधायक राजदीप गोयाला ने भ्रातृसंघ क्लब के बच्चों के बीच विभिन्न खेल सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में कांचाकांति सेवा समिति के महासचिव अंशुमान दत्त, बिजन देव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिव्यजीत सेन, रूपक देव, देवज्योति गुप्त चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
विधायक राजदीप गोयाला ने कहा कि स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। इसकी गरिमा बनाए रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी आवश्यक बताते हुए नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
पूरे उधारबंद में दिनभर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, देशभक्ति और नागरिक कर्तव्य का संदेश गूंजता रहा तथा 80वें स्वतंत्रता दिवस पर क्षेत्र में उत्सव और गौरव का वातावरण बना रहा।