उत्तर कृष्णपुर के रहीम की दुकान इलाके में भीषण सड़क दुर्घटना, चार गंभीर घायल

शिलचर, 16 सितंबर: शिलचर–आइजोल रोड के उत्तर कृष्णपुर स्थित रहीम की दुकान इलाके में बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक स्विफ्ट डिजायर और इलेक्ट्रिक ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में ऑटो चालक समेत एक महिला यात्री, एक स्कूली छात्र तथा स्विफ्ट डिजायर के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होती देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और ऑटो के माध्यम से शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार महिला यात्री तथा स्विफ्ट डिजायर का चालक शिलचर के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, ऑटो चालक का घर सोनाई के धनौहरी क्षेत्र में तथा घायल स्कूली छात्र उत्तर कृष्णपुर का निवासी बताया गया है।

सड़क पर गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष

स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि रहीम की दुकान से प्रेसिडेंसी कॉलेज तक करीब 500 मीटर के हिस्से में जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले गड्ढों में पत्थर और सीसी ब्लॉक डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया गया था। लेकिन सड़क पर पक्की मरम्मत या पिचिंग नहीं होने के कारण पत्थर और ब्लॉक हट गए तथा दोबारा गड्ढे बन गए। इससे वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को स्थायी रूप से भरने की मांग की है।

इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोनाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को थाने ले जाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Leave a Comment