आरपीआई (आठवले) के बराक घाटी संयोजक बने सौरभ देव

शिलचर: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के बराक घाटी संयोजक के रूप में सौरभ देव को नियुक्त किया गया है। आरपीआई (ए) के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रभारी विनोद निकालजे की मंजूरी के बाद गुवाहाटी स्थित पार्टी कार्यालय में असम प्रदेश कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हीरकज्योति बोरा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।

नवनियुक्त संयोजक सौरभ देव ने सोमवार को शिलचर में बताया कि उन्होंने 10 सितंबर से अपने दायित्व का कार्यभार संभाल लिया है। बराक घाटी के तीन जिलों—कछार, श्रीभूमि और हैलाकांदी—में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि विस्तृत समीक्षा के बाद प्रदेश कमेटी के परामर्श से बूथ कमेटी, ब्लॉक कमेटी और जिला कमेटियों का गठन किया जाएगा।

सौरभ देव ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर द्वारा स्थापित इस पार्टी का उद्देश्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के नेतृत्व में समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना है। सामाजिक न्याय और समानता की स्थापना के साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक तथा समाज के सभी कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए पार्टी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी अपने मार्गदर्शक बाबासाहेब आंबेडकर तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले के आदर्शों और नीतियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सौरभ देव ने आगे कहा कि आरपीआई (आठवले) असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपने संगठनात्मक आधार को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि नागालैंड में पार्टी के दो विधायक हैं और मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारकर पार्टी मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की गतिविधियों में तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में बराक घाटी में भी पार्टी को जनमुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं तथा इसके लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। सौरभ देव ने संगठन के विस्तार एवं जनहित के कार्यों में समाज के सभी वर्गों से सहयोग का आह्वान किया।

Leave a Comment