शिलचर, 4 जुलाई (रानू दत्ता): असम-मिजोरम अंतरराज्यीय सीमा स्थित लायलापुर पुलिस पेट्रोल आउट पोस्ट की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही 400 बोरी भारतीय यूरिया खाद जब्त की है। पुलिस ने खाद से लदे एक ट्रक को भी कब्जे में लिया तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न लगभग 3:10 बजे विश्वसनीय सूचना के आधार पर कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) रजत कुमार पाल तथा डीएसपी, कछार के नेतृत्व में AS-11-EC-4744 नंबर के ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान खाद्य सामग्री की आड़ में छिपाकर रखी गई 400 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद हुई। प्रत्येक बोरी का वजन 45.130 किलोग्राम बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यूरिया खाद की यह खेप अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
इस मामले में ट्रक चालक साहिरुल इस्लाम लस्कर (26), पिता स्वर्गीय अब्दुल रहीम लस्कर, निवासी खुलीचोरा, जमालपुर, धोलाई (कछार) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने ट्रक, 400 बोरी भारतीय यूरिया खाद तथा मामले से जुड़े कथित फर्जी दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी चालक को धोलाई थाना के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।