रानू दत्त शिलचर, 23 जुलाई। असम के 2026-27 वित्तीय वर्ष के बजट को जनकल्याणकारी, जनोन्मुखी और विकासपरक बताते हुए काछाड़ जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा ने कहा कि बजट में आम जनता के कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और राज्य की समग्र प्रगति को प्राथमिकता दी गई है।
गुरुवार को शिलचर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रूपम साहा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने 10 जुलाई को विधानसभा में 2026-27 वित्तीय वर्ष के लिए 1.57 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने दावा किया कि यह बजट अगले पांच वर्षों के विकास की रूपरेखा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय विकास पर विशेष जोर दिया गया है। ‘सुरक्षित, समृद्ध और विकसित असम’ के निर्माण के लक्ष्य के तहत बजट में ‘अष्टादश मुकुट उन्नयनी माला’ के नाम से 18 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की गई है।
बजट की प्रमुख घोषणाओं का उल्लेख करते हुए रूपम साहा ने कहा कि गुवाहाटी-शिलचर हाई-स्पीड आर्थिक कॉरिडोर के निर्माण से यात्रा का समय 10 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा। इसके अलावा बराक घाटी विकास विभाग के लिए 105 करोड़ रुपये का प्रावधान, गुवाहाटी-शिलिगुड़ी आर्थिक कॉरिडोर का निर्माण, उमरांगसो तक नई रेल लाइन, रूपसी हवाई अड्डे का विकास तथा शिलचर में डोलू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को भी बजट में महत्व दिया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘अरुणोदय’ योजना के तहत प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता जारी रखने, गर्भवती चाय बागान श्रमिकों को आर्थिक सहायता, दिव्यांगों के कल्याण के लिए 946 करोड़ रुपये का प्रावधान, बेरोजगार युवाओं को ऋण सहायता तथा ‘असम माला’ परियोजना के माध्यम से सड़क और संपर्क व्यवस्था के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
रूपम साहा ने दावा किया कि यह बजट राज्य में आर्थिक विकास को गति देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में काछाड़ जिला परिषद के अध्यक्ष कंकन नारायण सिकिदार, जिला भाजपा के महासचिव अमिताभ राय और गोपाल चंद्र राय तथा उपाध्यक्ष अभ्रजीत चक्रवर्ती उपस्थित थे।