दिसपुर, 11 जुलाई। असम के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री कौशिक राय ने शनिवार को अगरतला में त्रिपुरा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सुशांत चौधरी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में दोनों राज्यों के बीच खाद्य सुरक्षा और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यकुशलता बढ़ाने, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवा वितरण तंत्र के विस्तार तथा आम जनता तक सुविधाओं को अधिक सुगमता से पहुंचाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान दोनों राज्यों ने खाद्य एवं उपभोक्ता कल्याण के क्षेत्र में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) और अनुभवों का भी आदान-प्रदान किया। इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि इस प्रकार का अंतरराज्यीय सहयोग जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ असम और त्रिपुरा के बीच सहयोग की भावना को और मजबूत करेगा।
बैठक के बाद मंत्री कौशिक राय ने कहा कि राज्यों के बीच सहयोग और पारस्परिक सीख से जनकल्याणकारी सेवाओं की प्रभावशीलता, पारदर्शिता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन, समन्वित प्रयासों और अंतरराज्यीय सहयोग के माध्यम से सरकार अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विश्वरंजन समाल, आयुक्त हेमंत भुइयां, त्रिपुरा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग के प्रधान सचिव शांतनु तथा निदेशक सुमित लोध सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।