अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर गुरूचरण विश्वविद्यालय के किरणशशि वूमेन्स सेल की सामाजिक पहल

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर गुरूचरण विश्वविद्यालय के किरणशशि वूमेन्स सेल की सामाजिक पहल

शिलचर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 7 मार्च को गुरूचरण विश्वविद्यालय के किरणशशि वूमेन्स सेल द्वारा एक सराहनीय सामाजिक जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिन्नाकांदी चाय बागान स्थित अश्विनी कुमार एम.ई. स्कूल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच स्कूल किट भी वितरित किए गए। इन किटों में स्कूल बैग, ज्यामिति बॉक्स, कॉपी, पेंसिल, रबर, स्केल आदि आवश्यक शैक्षणिक सामग्री शामिल थी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ब्रेड, फलों का रस, केक और भुजिया जैसी खाद्य सामग्री भी प्रदान की गई।

इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्राध्यापिकाएं डॉ. हेमाबती सिंह, डॉ. अंजु देवी, डॉ. दीपा नाथ, यूनिकी एल. कोंगोतें तथा विजया बर्धन उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान किरणशशि वूमेन्स सेल की कार्यवाहक संपादिका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन का मुख्य उद्देश्य मन लगाकर पढ़ाई करना और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही छात्र-छात्राएं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की भी सलाह दी।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि अनुशासन, नियमितता और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाकर विद्यार्थी जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Comment