UP News: बलिया में किशोर का खूनी तांडव, मां और पड़ोस की दादी को फावड़े से काटकर मार डाला

नगरा (बलिया)। गडवार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में शनिवार को 12 बजे के करीब एक किशोर ने अपनी मां और बीच बचाव करने गई पड़ोस की एक महिला को फावडेे से काट डाला। एक साथ डबल मर्डर से पूरे गांव में खलबली मच गई। जो जहां था, वहीं से घटना स्थल की ओर से दौड़ पड़ा। पूर्व प्रधान उमेश चंद पांडेय का इकलौता पुत्र अभिषेक पांडेय उर्फ प्रतीक पांडेय (17) अपनी बहन प्रतीक्षा (16) से विवाद कर रहा था। जबरन बहन की अंगुली काटने का प्रयास कर रहा था। इस पर मां विमला देवी (55) अपने पुत्र डांटने लगी। इससे क्रोधित होकर वह मां को फावड़ा लेकर दौड़ा लिया।मां घर से निकलकर सड़क की ओर भागी। इतने में बहन भागकर पड़ोस के घर में पहुंची और घटना की जानकारी दी। यह सुनते ही वीरेंद्र पांडेय की पत्नी छाया देवी (60) बचाव के लिए पहुंची। इस पर किशाेर और भी क्रोधित हो गया और दोनों को सड़क पर ही फावड़े से काट डाला। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।घटना स्थल की स्थिति को देखकर हर कोई हतप्रभ था। आरोपित की मां का सिर धड से अलग हो गया था, जबकि छाया का सिर लटक रहा था। आरोपित किशोर गोरखपुर के एक कालेज का बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है, लेकिन अधिकांश आनलाइन की पढ़ाई करता है। आरोपित के पिता भी गांव में ही रहते हैं। पड़ोस की महिला के पति भी किसान हैं। घटना की जानकारी होने पर गड़वार थानाध्यक्ष, सीओ सिटी गौरव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के साथ ही फारेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त फावड़े को भी बरामद कर लिया। पुलिस कई एंगल से घटना की जांच कर रही है। आरोपित अपनी बहन की अंगुली क्यों काट रहा था, इस तथ्य की जानकारी करने के लिए पुलिस स्वजनों से भी पूछताछ कर रही है।

 

 

 

Leave a Comment