
नई दिल्ली,लखनऊ और आरसीबी के बीच खेले गए मैच में विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद इस कदर बढ़ गया कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। यह पहला मौका नहीं है कि जब कोहली और गंभीर के बीच मैदान पर इस तरह से जुबानी जंग देखने को मिली है। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जीत के नशे में चूर कोहली इशारों-इशारों में गंभीर पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं।
कोहली ने साधा गंभीर पर निशाना
दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने लखनऊ के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत का जश्न ड्रेसिंग रूम में जमकर मनाया। जीत के सेलिब्रेशन में विराट कोहली भी चूर नजर आए और उन्होंने गंभीर पर निशाना साधा। आरसीबी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कोहली ने कहा, “यह प्यारी जीत है लड़कों, प्यारी जीत। अगर आप दे सकते हैं, तो आपको लेना भी आना चाहिए। नहीं तो मत दीजिए।” विराट का यह रिएक्शन काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
नवीन से भी भिड़े कोहली
लखनऊ की पारी के 17वें ओवर में विराट कोहली और नवीन उल हक के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। दरअसल, कोहली नवीन से कुछ कहते हुए नजर आए, जिसके बाद लखनऊ के गेंदबाज का भी पारा चढ़ गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि अमित मिश्रा को बीच-बचाव करना पड़ा। मैच के बाद जब कोहली और नवीन ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया तो भी दोनों के बीच जमकर बहस हुई और मैक्सवेल को दोनों प्लेयर्स को अलग करना पड़ा।
आरसीबी ने किया लखनऊ से हिसाब चुकता
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लो स्कोरिंग मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 रन से हराया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 126 रन लगाए। हालांकि, बैंगलोर के गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के आगे लखनऊ के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।