नई दिल्ली. जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. आज सुबह 9 बजे से अलग-अलग देशों के राष्ट्र प्रमुख दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित भारत मंडपम में पहुंचना शुरू हो जाएंगे. इसके बाद आज के पहले सत्र में हिस्सा लेंगे, जो सुबह साढ़े दस बजे से शुरू होगा. आज दो सत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा आयोजित डिनर में राष्ट्र प्रमुख हिस्सा लेंगे. बता दें कि आज पीएम मोदी कई देशों के राष्ट्र अध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
जी20 सम्मेलन में यूएस के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक समेत ग्रुप के नेता और कई अन्य देशों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैश्विक नेताओं से भारत मंडपम में मुलाकात करेंगे. शिखर सम्मेलन के आगाज के साथ 10.15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन भाषण देंगे. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी आज ब्रिटेन, जर्मन, जापान और इटली के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. बैठक का यह सिलसिला दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा.
जी20 समिट के लिए बनाए गए कमांड कंट्रोल पूरी तरह तैयार है. होटल से लेकर सम्मेलन स्थल तक प्रतिनिधियों की आवाजाही पर सेंटर से पैनी नजर रहेगी. इसके अलावा ट्रैफिक कंट्रोल और पॉल्यूशन कंट्रोल पर भी नजर रखी जा रही है. दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन की आज से शुरुआत हो रही है. इसके चलते पूरी दिल्ली में आसमान से लेकर सड़कों तक से निगरानी रखी जा रही है. दिल्ली पुलिस के करीब 50 हजार जवान तैनात किए गए हैं. इसके अलावा सेना और एनएसजी गार्ड भी तैनात किए गए हैं.
दो दिवसीय जी20 सम्मेलन का पहला दिन ‘वन अर्थ’ थीम पर आधारित है. जी20 समिट का दूसरा दिन ‘वन फैमिली’ पर आधारित है. जी20 शिखर सम्मेलन दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में हो रहा है. ऐसे में राजधानी की सुरक्षा कड़ी की गई है. आज दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित होगा. दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है. जी20 सम्मेलन में आए वैश्विक नेताओं की सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है. प्रगति मैदान और आसपास के इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती होगी. दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित रहेगी.
जी20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत कई बड़े नेता शिरकत करेंगे. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जी20 सम्मेलन के लिए भारत नहीं आए हैं. भारत ने कई अन्य देशों को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया है. आज जी20 शिखर सम्मेलन से जुड़ी पल-पल की खबरों के लिए टीवी9 के इस लाइव पेज पर बने रहें