दीपावली : प्रकाश की सनातन परम्परा, प्रदूषण की समसामयिक विडम्बना एवं आत्मजागरण का दिव्य आह्वान

भारतीय शास्त्रदृष्टि, आध्यात्मिक चेतना, वैज्ञानिक विवेक एवं लोकमंगल की समन्वित दृष्टि में दीपोत्सव का पुनरावलोकन – डॉ. अभिषेक कुमार उपाध्याय, धर्माधिकारी एवं शास्त्रचिन्तक

शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसम्पदा।

शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते॥

भारतीय संस्कृति में दीपावली केवल एक लौकिक उत्सव अथवा ऋतुजन्य उल्लास का अवसर नहीं, अपितु यह सनातन जीवनदर्शन की आध्यात्मिक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक चेतना का महापर्व तथा मानव जीवन को प्रकाश, पवित्रता, समृद्धि एवं सदाचार से अभिसिंचित करने वाला दिव्य पर्व है। यह वह पावन अवसर है, जो मनुष्य को अन्धकार से प्रकाश की ओर, अविद्या से विद्या की ओर, असत्य से सत्य की ओर तथा संकीर्ण स्वार्थ से व्यापक लोकमंगल की ओर उन्मुख होने की प्रेरणा प्रदान करता है।

भारतीय ऋषि-मनीषियों ने जीवन को केवल भौतिक उपलब्धियों की परिधि में सीमित नहीं रखा, अपितु उसे धर्म, अर्थ, काम एवं मोक्षरूपी चतुर्विध पुरुषार्थों के समन्वित अनुशीलन का माध्यम माना है। इसी समन्वित जीवनदृष्टि की अनुपम अभिव्यक्ति दीपावली के पर्व में परिलक्षित होती है। हमारी सनातन परम्परा में दीप केवल प्रकाश का उपकरण नहीं, अपितु ज्ञान, विवेक, पवित्रता, सात्त्विकता एवं आत्मचेतना का प्रतीक है। दीपक की लघु ज्योति हमें यह बोध कराती है कि जीवन की सार्थकता केवल स्वयं प्रकाशित होने में नहीं, अपितु अपने प्रकाश से अन्य जीवनों को भी आलोकित करने में निहित है।

किन्तु वर्तमान सामाजिक परिदृश्य में एक गम्भीर आत्ममन्थन अपेक्षित है। जिस दीपोत्सव का मूल अभिप्राय अन्तःकरण की शुद्धि, देवपूजन, दीपदान, स्वच्छता, सदाचार, परस्पर सौहार्द एवं लोककल्याण रहा है, कहीं उसका स्वरूप ध्वनि-विस्फोट, वायुप्रदूषण, अनियन्त्रित उपभोग एवं भौतिक प्रदर्शन तक सीमित तो नहीं होता जा रहा है? एक ओर मृत्तिका के दीपक की सात्त्विक ज्योति है, दूसरी ओर बारूद के दहन से उत्पन्न धूम्र एवं ध्वनि का विस्तार। एक ओर श्रीमहालक्ष्मी एवं श्रीनारायण का मंगलमय स्मरण है, दूसरी ओर धन-वैभव के प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा। एक ओर आत्मसन्तोष एवं आध्यात्मिक प्रसन्नता है, दूसरी ओर बाह्य आडम्बर एवं अनावश्यक उपभोग का विस्तार।

अतः आवश्यकता इस बात की है कि हम दीपावली का अवलोकन केवल उत्सव की दृष्टि से न करें, अपितु उसके शास्त्रीय, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं सामाजिक आयामों का सम्यक् अनुशीलन करें।

1. शास्त्रीय परिप्रेक्ष्य : दीपावली का मूल स्वरूप एवं आध्यात्मिक अभिप्राय की दृष्टि बहुत ही विहंगम होनी चाहिए। इसी सन्दर्भ में दीपावली शब्द दो पदों के समन्वय से निष्पन्न हुआ है ‘दीप’ एवं ‘आवली’। दीप अर्थात् प्रकाश प्रदान करने वाला दीपक तथा आवली अर्थात् पंक्ति अथवा श्रृंखला। इस प्रकार दीपावली का शाब्दिक अर्थ है – दीपकों की पंक्ति अथवा प्रकाश की श्रृंखला।धार्मिक साहित्य एवं भारतीय लोकपरम्परा में इसे दीपावली, दीपोत्सव एवं दीपमालिका आदि नामों से अभिहित किया गया है।

सनातनधर्म में कार्तिक मास का विशिष्ट आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्त्व प्रतिपादित किया गया है। विशेषतः कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी, अमावस्या तथा कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से सम्बद्ध धार्मिक अनुष्ठान दीपोत्सव को बहुआयामी स्वरूप प्रदान करते हैं। पद्मपुराण, स्कन्दपुराण एवं अन्य पुराणों में कार्तिक मास के स्नान, दीपदान, विष्णुपूजन, व्रत एवं उपासना का विस्तृत माहात्म्य वर्णित है। कार्तिक मास में दीपदान को पुण्यप्रद धार्मिक कृत्य माना गया है। यहाँ यह समझना आवश्यक है कि दीपदान की महिमा केवल दीपावली की एक रात्रि तक सीमित नहीं है। सम्पूर्ण कार्तिक मास में देवालयों, तुलसी-वृन्दावन, पवित्र नदियों, सरोवरों एवं देवस्थानों में दीप प्रज्वलित करने की परम्परा रही है। दीपदान का वास्तविक आध्यात्मिक अभिप्राय यह है कि मनुष्य अपने जीवन में ज्ञान, धर्म, करुणा एवं सदाचार की ज्योति प्रज्वलित करे तथा उस प्रकाश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का प्रयत्न करे।

इसी भाव को भारतीय मनीषा ने इस प्रकार अभिव्यक्त किया है –

दीपज्योतिः परं ब्रह्म दीपज्योतिर्जनार्दनः।

दीपो हरतु मे पापं दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते॥

अर्थात् दीप की ज्योति परब्रह्मस्वरूप है, वही भगवान जनार्दन का प्रतीक है। वह हमारे अन्तःकरण के अज्ञान एवं दोषों का निवारण करे। दीपावली के पञ्चपर्व : जीवन के पाँच दिव्य आयाम – दीपावली सामान्यतः पाँच प्रमुख पर्वों की श्रृंखला के रूप में मनाई जाती है। इन पाँचों पर्वों में भारतीय जीवनदर्शन के पाँच महत्त्वपूर्ण आयामों का समन्वय दृष्टिगोचर होता है।

धनत्रयोदशी अथवा धनतेरस महापर्व की महिमा की बात करे तो यह पर्व भगवान धन्वन्तरि के प्राकट्य एवं आयुर्वेद की दिव्य परम्परा से सम्बद्ध है। समुद्रमन्थन से अमृतकलश धारण किए हुए भगवान धन्वन्तरि के प्राकट्य का स्मरण इस दिन किया जाता है। आयुर्वेद भारतीय ज्ञानपरम्परा का वह अनुपम विज्ञान है, जिसमें शरीर, मन एवं आत्मा के संतुलित स्वास्थ्य पर विशेष बल दिया गया है। चरकसंहिता में स्वास्थ्य की परिभाषा देते हुए कहा गया है –

समदोषः समाग्निश्च समधातुमलक्रियः।

प्रसन्नात्मेन्द्रियमनाः स्वस्थ इत्यभिधीयते॥

अर्थात् जिसके दोष, अग्नि, धातु एवं मल की क्रियाएँ सम अवस्था में हों तथा आत्मा, इन्द्रियाँ एवं मन प्रसन्न हों, वही स्वस्थ कहलाता है। इस पर्व का मूल संदेश है-आरोग्य ही जीवन की परम सम्पदाओं में से एक है। स्वास्थ्य के अभाव में भौतिक ऐश्वर्य भी अपनी पूर्ण सार्थकता प्राप्त नहीं कर सकता।

नरक चतुर्दशी का विशेष महत्व भी हमारे जीवन को जोड़ता है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध की पौराणिक परम्परा से सम्बद्ध है। इसे छोटी दीपावली एवं रूप चतुर्दशी भी कहा जाता है। इस दिन अभ्यंग स्नान, शारीरिक स्वच्छता एवं दीपदान का विधान है। इसका आध्यात्मिक संकेत अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। नरकासुर केवल पौराणिक आख्यान का पात्र नहीं, अपितु प्रतीकात्मक दृष्टि से मनुष्य के अन्तःकरण में विद्यमान काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद एवं मात्सर्य जैसे विकारों के विनाश का भी संदेश देता है।

श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं – 

त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनमात्मनः।

कामः क्रोधस्तथा लोभस्तस्मादेतत्त्रयं त्यजेत्॥

(श्रीमद्भगवद्गीता 16.21)

अर्थात् काम, क्रोध एवं लोभ आत्मा के पतन तथा विनाश के तीन प्रमुख द्वार हैं। अतः मनुष्य को इनका परित्याग करना चाहिए। इस प्रकार नरक चतुर्दशी हमें बाह्य स्वच्छता के साथ अन्तःकरण के विकारों के परिमार्जन का भी संदेश देती है।

दीपावली एवं श्रीमहालक्ष्मी पूजन का सौभाग्य की प्राप्ति हेतु इस पर्व की बात करे तो इसका कार्तिक अमावस्या को श्रीमहालक्ष्मी के पूजन का विशेष विधान है। समुद्रमन्थन से महालक्ष्मी के प्राकट्य की पौराणिक परम्परा का इस पर्व से विशेष सम्बन्ध है। सनातन परम्परा में महालक्ष्मी केवल धन की अधिष्ठात्री देवी नहीं, अपितु ऐश्वर्य, सौभाग्य, समृद्धि, सौन्दर्य, कीर्ति एवं मंगल की अधिष्ठात्री शक्ति हैं। लक्ष्मी-पूजन का वास्तविक अभिप्राय केवल धनार्जन की कामना नहीं, अपितु धन, ऐश्वर्य एवं सामर्थ्य का धर्मसम्मत अर्जन तथा लोककल्याणकारी विनियोग भी है।

गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के साथ इसके विशेष सम्बन्ध की उपयोगिता की दृष्टि से समसामयिक परिदृश्य में उल्लेख करें तो कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धनधारण लीला का स्मरण किया जाता है। श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कन्ध में वर्णित गोवर्धन लीला प्रकृति, गौवंश, कृषि, अन्न एवं पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता का अनुपम संदेश प्रदान करती है। गोवर्धन पूजा का तात्पर्य केवल पर्वत की पूजा करना नहीं, अपितु सम्पूर्ण प्रकृति को ईश्वर की दिव्य विभूति के रूप में स्वीकार करना भी है।

भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं – 

अन्नाद्भवन्ति भूतानि पर्जन्यादन्नसम्भवः।

यज्ञाद्भवति पर्जन्यो यज्ञः कर्मसमुद्भवः॥

(श्रीमद्भगवद्गीता 3.14)

अर्थात् समस्त प्राणी अन्न से उत्पन्न एवं पोषित होते हैं, अन्न की उत्पत्ति वर्षा से होती है और वर्षा यज्ञ से होती है। यह श्लोक प्रकृति, अन्न, वर्षा एवं जीवसृष्टि के परस्पर सम्बन्ध को स्पष्ट करता है।

यम द्वितीया अथवा भैया दूज के स्वरूप में विवेचन करें तो यह कार्तिक शुक्ल द्वितीया को मनाया जाने वाला यह पर्व भाई-बहन के पवित्र स्नेह, पारिवारिक आत्मीयता एवं परस्पर मंगलकामना का प्रतीक है। यम एवं यमुना की पौराणिक कथा इस पर्व की धार्मिक पृष्ठभूमि से सम्बद्ध है। इस प्रकार दीपावली के पञ्चपर्व मनुष्य को आरोग्य, आत्मशुद्धि, समृद्धि, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता तथा पारिवारिक सद्भाव का समन्वित संदेश प्रदान करते हैं।

भगवान श्रीराम का अयोध्या आगमन एवं दीपोत्सव की सांस्कृतिक चेतना की बात करे तो

भारतीय जनमानस में दीपावली का सर्वाधिक भावपूर्ण सम्बन्ध मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन से है। चौदह वर्ष के वनवास एवं रावण-वध के पश्चात् जब भगवान श्रीराम, माता सीता एवं भ्राता लक्ष्मण अयोध्या लौटे, तब सम्पूर्ण अयोध्यापुरी हर्ष, उल्लास एवं मंगलभाव से अभिभूत हो उठी। उत्तर भारतीय लोकपरम्परा में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन को दीपोत्सव के रूप में मनाने की परम्परा विशेष रूप से प्रतिष्ठित है। श्रीराम का अयोध्या आगमन केवल एक राजकुमार की वनवास से वापसी नहीं, अपितु धर्म, मर्यादा, न्याय, सत्य एवं लोककल्याण की पुनर्प्रतिष्ठा का प्रतीक है।

श्रीरामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास जी ने भगवान श्रीराम के स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा है-

राम ब्रह्म परमारथ रूपा।

अविगत अलख अनादि अनूपा॥

भगवान श्रीराम का सम्पूर्ण जीवन धर्ममय आचरण, मर्यादा, त्याग, करुणा एवं लोकहित की प्रेरणा प्रदान करता है।

अतः दीपावली का एक महत्त्वपूर्ण जीवन-सन्देश है-अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र के जीवन में धर्म, न्याय, मर्यादा एवं सद्भाव की प्रतिष्ठा करना। यही आदर्श रामराज्य की अवधारणा का मूलाधार है।

यदि हम विभिन्न धार्मिक परम्पराओं में दीपावली का महत्त्व की बात करें तो दीपावली भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक विविधता का भी महत्त्वपूर्ण पर्व है।

जैन परम्परा में कार्तिक अमावस्या को भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित करके ज्ञानज्योति एवं निर्वाण की स्मृति का उत्सव मनाया जाता है।

सिख परम्परा में दीपावली का सम्बन्ध छठे गुरु, श्री गुरु हरगोबिन्द साहिब जी की ग्वालियर दुर्ग से मुक्ति एवं अमृतसर आगमन की स्मृति में मनाए जाने वाले बन्दी छोड़ दिवस से है। इस प्रकार दीपावली भारतीय समाज की विविध धार्मिक परम्पराओं, सांस्कृतिक स्मृतियों एवं आध्यात्मिक मूल्यों को एक सूत्र में पिरोने वाला महत्त्वपूर्ण पर्व है।

आध्यात्मिक परिप्रेक्ष्य में दीप क्या है और उसका जीवन से क्या सम्बन्ध है? इस विषय में बहुत ही गंभीरता से विचार किया गया है। दीपावली का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण पक्ष उसका आध्यात्मिक स्वरूप है। हमारे उपनिषदों में मानव जीवन की सर्वोच्च आध्यात्मिक प्रार्थना व्यक्त की गई है – 

असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मामृतं गमय॥

(बृहदारण्यक उपनिषद् 1.3.28)

अर्थात् हे परमात्मन्! हमें असत्य से सत्य की ओर, अन्धकार से प्रकाश की ओर तथा मृत्यु से अमृतत्व की ओर ले चलिए। यह मन्त्र सम्पूर्ण दीपोत्सव के आध्यात्मिक दर्शन को अपने भीतर समाहित किए हुए है। यहाँ अन्धकार का अभिप्राय केवल प्रकाश का अभाव नहीं, अपितु अविद्या, अविवेक, मोह, अहंकार, स्वार्थ एवं अज्ञान की वह अवस्था है, जिसमें मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप एवं जीवन के परम उद्देश्य को विस्मृत कर देता है। दीप का प्रकाश ज्ञान एवं विवेक का प्रतीक है। जिस प्रकार एक दीपक के प्रज्वलित होते ही अन्धकार का निवारण होने लगता है, उसी प्रकार ज्ञान एवं आत्मबोध के जाग्रत होने पर अज्ञान का क्षय होता है।

भगवान श्रीकृष्ण श्रीमद्भगवद्गीता में कहते हैं-

यथैधांसि समिद्धोऽग्निर्भस्मसात्कुरुतेऽर्जुन।

ज्ञानाग्निः सर्वकर्माणि भस्मसात्कुरुते तथा॥

(श्रीमद्भगवद्गीता 4.37)

अर्थात् जिस प्रकार प्रज्वलित अग्नि ईंधन को भस्म कर देती है, उसी प्रकार ज्ञानरूपी अग्नि समस्त कर्मबन्धनों को भस्म कर देती है।

यही दीपावली का वास्तविक आध्यात्मिक सन्देश है कि मनुष्य अपने अन्तःकरण में ज्ञानरूपी दीप प्रज्वलित करे। 

दीपक एवं मानव जीवन का आध्यात्मिक साम्य को यदि व्याख्यायित करे तो इसे एक सामान्य दीपक के विभिन्न अवयवों को मानव जीवन के आध्यात्मिक पक्षों से प्रतीकात्मक रूप में सम्बद्ध करके देखा जा सकता है। मृत्तिका का पात्र हमारे शरीर का प्रतीक है, तेल अथवा घृत हमारे संस्कार एवं साधना का, सूती बाती हमारी अन्तःचेतना का तथा अग्नि अथवा ज्योति ज्ञान एवं परमात्मचेतना का प्रतीक है।

जिस प्रकार दीपक में पात्र, तेल, बाती एवं अग्नि का समुचित समन्वय आवश्यक है, उसी प्रकार मानव जीवन में शरीर, संस्कार, साधना एवं ज्ञान का समन्वय अपेक्षित है।केवल शरीर की उपलब्धि जीवन की पूर्णता नहीं है। शरीर के साथ शुद्ध विचार, सात्त्विक संस्कार, संयमित इन्द्रियाँ एवं जाग्रत विवेक भी आवश्यक हैं।

भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं –

उद्धरेदात्मनात्मानं नात्मानमवसादयेत्।

आत्मैव ह्यात्मनो बन्धुरात्मैव रिपुरात्मनः॥

(श्रीमद्भगवद्गीता 6.5)

अर्थात् मनुष्य को स्वयं अपने द्वारा अपना उद्धार करना चाहिए, स्वयं को अधोगति की ओर नहीं ले जाना चाहिए; क्योंकि मनुष्य स्वयं ही अपना मित्र है और स्वयं ही अपना शत्रु है। अतः दीपावली आत्मोन्नयन, आत्मनिरीक्षण एवं आत्मपरिष्कार का भी महापर्व है।

लक्ष्मी-पूजन का वास्तविक आध्यात्मिक अभिप्राय भी बहुत उल्लेखनीय एवं सराहनीय है। श्रीमहालक्ष्मी की उपासना को केवल धनार्जन की कामना तक सीमित कर देना भारतीयदर्शन की व्यापकता को संकुचित करना है। सनातन परम्परा में श्रीमहालक्ष्मी ऐश्वर्य, सौभाग्य, समृद्धि, सौन्दर्य, कीर्ति एवं मंगल की अधिष्ठात्री देवी हैं। लोकप्रचलित अष्टलक्ष्मी परम्परा में उनके आठ स्वरूपों का वर्णन प्राप्त होता है –

1. आदिलक्ष्मी

2. धनलक्ष्मी

3. धान्यलक्ष्मी

4. गजलक्ष्मी

5. सन्तानलक्ष्मी

6. धैर्यलक्ष्मी अथवा वीरलक्ष्मी

7. विजयलक्ष्मी

8. विद्यालक्ष्मी।

इन स्वरूपों का आध्यात्मिक संकेत यह है कि वास्तविक समृद्धि केवल धन की उपलब्धता नहीं, अपितु स्वास्थ्य, अन्न, ज्ञान, साहस, धैर्य, सन्तान, विजय एवं आध्यात्मिक सम्पन्नता का समन्वित स्वरूप है।

अतः लक्ष्मी-पूजन करते समय हमें यह भी विचार करना चाहिए कि हमारे जीवन में धनलक्ष्मी के साथ विद्यालक्ष्मी, धान्यलक्ष्मी एवं धैर्यलक्ष्मी का कितना स्थान है। भारतीय ज्ञानपरम्परा में विद्या को सर्वोच्च सम्पदाओं में प्रतिष्ठित किया गया है –

न चोरहार्यं न च राजहार्यं

न भ्रातृभाज्यं न च भारकारि।

व्यये कृते वर्धत एव नित्यं

विद्याधनं सर्वधनप्रधानम्॥

अर्थात् विद्यारूपी धन को न चोर चुरा सकता है, न राजा छीन सकता है, न भाइयों में विभाजित किया जा सकता है और न ही इसका भार होता है। व्यय करने पर भी यह निरन्तर बढ़ता रहता है। इसी भाव को महाभारत में भी अत्यन्त सुन्दर रूप से अभिव्यक्त किया गया है –

नास्ति विद्यासमं चक्षुर्नास्ति सत्यसमं तपः। 

नास्ति रागसमं दुःखं नास्ति त्यागसमं सुखम्॥

अतः दीपावली पर केवल धन-सम्पदा की वृद्धि का ही नहीं, अपितु ज्ञान, विवेक, सदाचार एवं धर्मबुद्धि की अभिवृद्धि का भी संकल्प लेना चाहिए।

यदि इसके सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में परम्परागत स्वरूप की दृष्टि से चिन्तन करते हुए दीपावली से वर्तमान स्वरूप तक की बात करे तो स्थिति काफी बदल गई है।

भारतीय संस्कृति में दीपावली केवल व्यक्तिगत उल्लास का पर्व नहीं, अपितु सामूहिक जीवन, ग्राम्य अर्थव्यवस्था, लोककला, पारिवारिक आत्मीयता एवं सामाजिक सहभागिता का महापर्व रही है। परम्परागत भारतीय जीवन में दीपावली के आगमन से पूर्व घरों की लिपाई-पुताई, आँगन की स्वच्छता एवं गृहसज्जा का विशेष प्रचलन रहा है। गोबर एवं मिट्टी से आँगन की लिपाई, द्वार पर आम्रपल्लव एवं धान की बालियों से वन्दनवार, प्राकृतिक रंगों से रंगोली तथा घरों में पारम्परिक पकवानों की तैयारी—ये सभी हमारी लोकसंस्कृति के अभिन्न अंग रहे हैं। मिट्टी के दीपकों को तेल अथवा घृत से प्रज्वलित करके घर, आँगन, देवालय एवं तुलसी-वृन्दावन को प्रकाशित किया जाता था।

एक-दूसरे के घर जाकर दीप, मिठाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान करने की परम्परा थी।

इस अवसर पर कुम्हार, हलवाई, किसान, कारीगर, बुनकर एवं स्थानीय शिल्पकारों को आजीविका के विशेष अवसर प्राप्त होते थे। वस्तुतः दीपावली ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वदेशी उत्पादों, लोककला एवं सामुदायिक सहभागिता को सशक्त करने वाला सांस्कृतिक आधार थी।

वर्तमान समय में दीपावली के स्वरूप में अनेक परिवर्तन दृष्टिगोचर हो रहे हैं। मिट्टी के दीपकों की अपेक्षा कृत्रिम विद्युत् झालरों एवं प्लास्टिक आधारित सजावट का प्रचलन बढ़ा है। स्थानीय कुम्हारों के उत्पादों की अपेक्षा बड़े बाजारों में निर्मित सजावटी वस्तुओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्राकृतिक रंगों की रंगोली के स्थान पर तैयार सजावटी सामग्री, पारम्परिक पकवानों के स्थान पर पूर्णतः ऑनलाइन निर्भरता तथा व्यक्तिगत मिलन के स्थान पर केवल डिजिटल शुभकामना सन्देशों का प्रचलन बढ़ता जा रहा है।

निस्सन्देह आधुनिक साधनों का उपयोग अपने आप में अनुचित नहीं है, किन्तु जब आधुनिकता हमारी सांस्कृतिक जड़ों, स्थानीय आजीविका एवं पारिवारिक आत्मीयता को विस्थापित करने लगे, तब आत्ममन्थन अनिवार्य हो जाता है। पहले दीपावली पर लोग स्वयं एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाएँ देते थे। आज अनेक बार सामाजिक आत्मीयता औपचारिक सन्देशों एवं डिजिटल माध्यमों तक सीमित रह जाती है।

पहले सामर्थ्य के अनुसार निर्धनों को अन्न, वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की जाती थी। आज अनेक स्थानों पर महँगे वस्त्रों, आभूषणों एवं विलासितापूर्ण वस्तुओं का प्रदर्शन उत्सव का प्रमुख आकर्षण बनता जा रहा है।

यह परिवर्तन केवल उत्सव की शैली का परिवर्तन नहीं, अपितु हमारी सामाजिक प्राथमिकताओं में आए परिवर्तन का भी संकेत है।

दीपावली श्रीमहालक्ष्मी के मंगलमय स्वागत एवं धर्मसम्मत समृद्धि का पर्व है। इसका वास्तविक उद्देश्य धन का सदुपयोग, सदाचार एवं लोककल्याण है।

वैज्ञानिक परिप्रेक्ष्य में दीपावली एवं पर्यावरणीय चेतना विज्ञान के विषय में बहुत सी अनकही संदर्भों को जोड़कर यहाँ चर्चा हुआ है जो हम सभी के लिए आवश्यक है। भारतीय पर्व-परम्पराओं में ऋतुचक्र, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण के अनेक व्यावहारिक पक्ष समाहित हैं। दीपावली का वैज्ञानिक अनुशीलन करते समय यह समझना आवश्यक है कि भारतीय परम्पराओं का आध्यात्मिक महत्त्व और उनके व्यावहारिक स्वास्थ्यगत पक्ष एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं। यदि हम दीपक का विज्ञान के विषय में बात करें तो यह मृत्तिका का दीपक भारतीय जीवनशैली का अत्यन्त प्राचीन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण साधन रहा है। मिट्टी के दीपक में तेल अथवा घृत डालकर सूती बाती प्रज्वलित की जाती है। दहन की इस प्रक्रिया से प्रकाश एवं ऊष्मा उत्पन्न होती है। दीपक का प्रकाश रात्रिकालीन वातावरण को आलोकित करने के साथ उत्सव में सौन्दर्य, सात्त्विकता एवं प्रसन्नता का वातावरण निर्मित करता है।

वैज्ञानिक दृष्टि से किसी भी दहन प्रक्रिया में ऑक्सीजन का उपभोग होता है तथा सूक्ष्म कण एवं अन्य दहन-उत्पाद उत्पन्न हो सकते हैं। अतः दीपकों का प्रयोग स्वच्छ एवं पर्याप्त वायुसंचार वाले स्थान पर करना उचित है।

भारतीय परम्परा में दीप का महत्त्व केवल उसके भौतिक प्रकाश तक सीमित नहीं है। उसका वास्तविक महत्त्व उसके आध्यात्मिक एवं प्रतीकात्मक स्वरूप में निहित है। यह ऋतु परिवर्तन एवं स्वच्छता का द्योतक भी है। दीपावली सामान्यतः वर्षा ऋतु की समाप्ति एवं शीत ऋतु के आरम्भिक संक्रमण काल में आती है। वर्षा के पश्चात् घरों, आँगनों, जलस्रोतों एवं आसपास के क्षेत्रों में नमी, काई, धूल एवं अन्य प्रकार की गन्दगी एकत्र हो सकती है।

ऐसी स्थिति में घरों की स्वच्छता, वस्त्रों का धूपन, जलस्रोतों की सफाई तथा आवासीय क्षेत्रों का सुव्यवस्थित रखरखाव स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। दीपावली से पूर्व घरों की सफाई एवं सजावट की परम्परा इसी व्यापक स्वच्छता-संस्कृति को भी अभिव्यक्त करती है।

भारतीय परम्परागत जीवन में नीम की पत्तियों, धूपन सामग्री एवं सुगन्धित वनस्पतियों का उपयोग भी किया जाता रहा है। अनेक वनस्पतियों में प्राकृतिक रोगाणुरोधी गुण पाए जाते हैं। अतः दीपावली के अवसर पर स्वच्छता के साथ सुरक्षित एवं पर्यावरणानुकूल उपायों को अपनाना चाहिए।

आजकल आतिशबाजी के चक्कर में प्रकाश से प्रदूषण तक की स्थिति प्राकृतिक सम्पदा को विकृत कर रही है।

दीपावली के वर्तमान स्वरूप पर विचार करते समय आतिशबाजी का विषय अत्यन्त महत्त्वपूर्ण हो जाता है। भारतीय दीपोत्सव का मूल सांस्कृतिक आधार दीपदान, देवपूजन, मंगलाचरण एवं प्रकाशोत्सव है।

भारत में आतिशबाजी की परम्परा का विकास विभिन्न ऐतिहासिक कालखण्डों में हुआ है। वर्तमान समय में इसका उपयोग उत्सव की एक प्रचलित अभिव्यक्ति बन गया है।

लेखक – डॉ. अभिषेक कुमार उपाध्याय मुख्य न्यासी श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट न्यास व गुरुकुल एवं मन्दिर सेवा योजना प्रमुख जम्मू कश्मीर प्रान्त।

Leave a Comment