मेरे अनेक मित्र पूछ रहे हैं—संघ की रचना बदल रही है, प्रांतों के स्थान पर संभाग बन रहे हैं; इसका क्या अर्थ है?
मैं उनसे कहना चाहता हूँ कि इस परिवर्तन को केवल सीमाएँ बदलने और दायित्वों का नया बँटवारा करने की दृष्टि से देखेंगे, तो इसकी गहराई तक नहीं पहुँच पाएँगे। इस बदलाव के भीतर कार्यकर्ताओं की मनोवृत्ति, प्राथमिकताओं और कार्यपद्धति को बदलने की बहुत बड़ी चुनौती छिपी है।
संघ की 4 नवंबर 2026 की आधिकारिक सूचना के अनुसार, देश में 46 प्रांतों के स्थान पर 88 संभाग होंगे। उसी सूचना में शाखाओं को अधिक प्रभावी और नियमित बनाने, उनके दृढ़ीकरण तथा नए स्थानों पर शाखाएँ प्रारंभ करने की योजना का भी उल्लेख है। घोषित तथ्य इतने हैं।
आगे मैं जो लिख रहा हूँ, वह संघ के साथ अपने लंबे संबंध और कार्यकर्ताओं के जीवन को निकट से देखने के आधार पर इस परिवर्तन की मेरी समझ है। यह लेख संघ के अधिकारियों को संघ समझाने के लिए नहीं है। वे अपने निर्णय का आशय जानते हैं। मैं अपने उन मित्रों से बात कर रहा हूँ जो कभी शाखा में गए, कुछ पढ़ा-सुना और मान लिया कि उन्होंने संघ को समझ लिया है।
इस दृष्टि से इस निर्णय का सबसे गहरा प्रश्न है—क्या हम अपने विस्तार और प्रभाव के बीच फिर उसी मनोभूमि पर खड़े हो सकते हैं, जिस पर डॉक्टर हेडगेवार ने कार्य आरंभ किया था?
इस प्रश्न को समझने के लिए प्रचारक के जीवन में प्रवेश करना पड़ेगा।
कोई युवक प्रचारक बनता है, तो केवल अपना रहने का स्थान नहीं बदलता। वह अपने जीवन का प्रयोजन बदलता है। शाखा में संस्कार पाकर, समर्पित कार्यकर्ताओं को देखकर और वरिष्ठों के त्यागमय जीवन से प्रेरित होकर उसके भीतर राष्ट्रभक्ति की अग्नि प्रज्वलित होती है। उसी प्रखरता में वह निश्चय करता है कि अपना जीवन हिंदू समाज, हिंदू संस्कृति और राष्ट्र के कार्य में समर्पित करेगा पर उसके भीतर की व्यक्तिगत इच्छाएँ कहाँ चली जाती हैं? क्या नाम, मान, सुविधा और प्रतिष्ठा की चाह उसी दिन सदा के लिए समाप्त हो जाती है?
मनुष्य का मन इतनी सरलता से नहीं बदलता। उच्च ध्येय की प्रखरता में छोटी इच्छाएँ पीछे चली जाती हैं। जैसे उनकी पोटलियाँ बाँधकर एक ओर रख दी गई हों। वे निष्प्रभावी हो जाती हैं; उन्हें नष्ट मान लेना भूल होगी। अनुकूल अवसर और अनुचित पोषण मिलने पर वे फिर सिर उठा सकती हैं। इसलिए समर्पण एक बार लिया हुआ निर्णय होने के साथ जीवन भर की साधना भी है।
एक समय समाज प्रचारक का सम्मान मुख्यतः उसके त्याग के कारण करता था। आज भी बहुत लोग इसी श्रद्धा से सम्मान करते हैं। लेकिन अब सम्मान का एक दूसरा कारण भी जुड़ गया है—प्रभाव। कुछ लोगों को लगता है कि इनके माध्यम से किसी अधिकारी तक पहुँच हो सकती है, किसी मंत्री से बात हो सकती है, कोई काम निकल सकता है। वे कहते हैं, “अब तो आपकी सरकार है!”
यहीं समाज की भूमिका भी कसौटी पर आती है। क्या हम प्रचारक के समर्पण का सम्मान कर रहे हैं, या उसके संभावित प्रभाव का उपयोग करना चाहते हैं? क्या हमारा व्यवहार उसके ध्येय को पुष्ट करता है, या उसके चारों ओर प्रशंसा, अपेक्षाओं और सुविधाओं का ऐसा वातावरण बनाता है, जिसमें ध्येय धीरे-धीरे पीछे छूटने लगे?
मैंने ऐसे परिवार भी देखे हैं जिन्होंने बेटे के प्रचारक बनने का विरोध किया। उसे रोका, उलाहने दिए। बाद में जब उसकी सामाजिक मान्यता और प्रभाव बढ़ा, तो वही लोग गर्व से कहने लगे—“मेरा बेटा प्रचारक है।” इनमें आत्मीय परिवर्तन भी हो सकता है। लेकिन जहाँ बेटे के प्रभाव से अपने लिए प्रतिष्ठा पाने की इच्छा जुड़ जाती है, वहाँ हमें अपने मन में झाँकना चाहिए। धन की अपेक्षा न हो, तब भी प्रतिष्ठा की अपेक्षा तो हो सकती है? इसलिए चुनौती केवल प्रचारक के भीतर की नहीं है। समाज भी उसे लगातार प्रभावित करता है। किसी साधक को ऊँचा उठाने और उसके मन में दबे छोटे आग्रहों को हवा देने—दोनों में समाज की भूमिका हो सकती है।
मुझे 1977 में उज्जैन के संघ कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर स्वर्गीय भाऊराव देवरस जी के साथ हुई चर्चा का स्मरण है। मैं उस अवसर पर उपस्थित था। उनकी चेतावनी का आशय था कि कार्यालय और साधन मिल जाने से कार्य अपने आप नहीं बढ़ता; उनके कारण कार्यकर्ता का समाज में रहना और घूमना घट जाए, तो उलटा परिणाम भी हो सकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मोटरसाइकिलें आने के बाद प्रवास की अपेक्षा कार्यालय में ठहरने की प्रवृत्ति बढ़ने का उदाहरण दिया था।
यह बात आज और गंभीरता से समझने की है। वाहन कार्य के लिए है, कार्यालय कार्य के लिए है, सुविधा कार्य के लिए है। उनकी उपयोगिता कार्यकर्ता को लोगों तक पहुँचाने में है। यदि उनके बीच रहते हुए लोगों के घर बैठना, उनकी कठिनाइयाँ समझना और नए स्वयंसेवक तैयार करना घटने लगे, तो साधनों के उपयोग का पुनर्विचार करना पड़ेगा।
प्रचारक की साधना की एक विशेष कठिनाई भी है। संन्यासी अपने अलग वेश से पहचाना जाता है। प्रचारक समाज में घुला-मिला रहता है। उसे गृहस्थों के बीच रहना है, संस्थाओं में जाना है, संपन्न लोगों से भी मिलना है, साधनों का उपयोग भी करना है और भीतर से उनसे अनासक्त भी रहना है। जल में कमल की तरह रहने की यह साधना बाहर से जितनी सहज दिखती है, भीतर से उतनी ही कठिन है।
मैंने लज्जाराम जी, माखन सिंह चौहान जी और भाउसाहब भुस्कुटे जी जैसे कार्यकर्ताओं के जीवन में यह तपस्या देखी है। आज भी एक से बढ़कर एक समर्पित प्रचारक हैं। समस्या यह भी है कि समाज का एक हिस्सा ऐसे मौन साधकों की चर्चा कम करता है। उसकी रुचि वहाँ अधिक रहती है जहाँ उसे अपना काम निकलने की संभावना दिखती है। परिणामतः प्रभाव की चर्चा बढ़ती है और साधना ओझल होती जाती है।
अब इस पृष्ठभूमि में नई रचना को देखिए।
यदि छोटे कार्यक्षेत्र का उद्देश्य शाखा और व्यक्ति निर्माण को अधिक समय देना है, तो इसका अर्थ होगा कि कार्यकर्ता का दिन भी बदलेगा और उसकी प्राथमिकताएँ भी। समन्वय की बैठकों, प्रमुख व्यक्तियों से मिलने और बड़े कार्यक्रमों में उपस्थित रहने के बीच शाखा के लिए समय निकालना पर्याप्त नहीं होगा। शाखा और उसके स्वयंसेवकों के अनुसार दिन की रचना करनी होगी।
किस बस्ती में शाखा लग सकती है? कौन बालक नियमित आ रहा है? कौन कई दिन से नहीं आया? उसके घर कौन जाएगा? मुख्य शिक्षक कैसे तैयार होगा? खेल कौन सिखाएगा? शाखा का वार्षिकोत्सव कैसे होगा? नए स्वयंसेवक को जिम्मेदारी कैसे मिलेगी? एक घंटे की शाखा के पीछे दिन भर के संपर्क, आत्मीयता और तैयारी का जो संसार है, उसमें फिर पूरी शक्ति लगानी होगी।
यही वह बात है, जिसे सौ वर्ष बाद संघ को फिर डॉक्टर हेडगेवार की कसौटी पर खड़े होने की बात कहना उचित है। मुझे इसमें मोहिते बाड़े की वह आरंभिक साधना दिखाई देती है—मैदान साफ करना, स्वयंसेवकों को बुलाना, उनके साथ खेलना, उनके घर जाना और एक-एक व्यक्ति के जीवन में ध्येय का बीज बोना। इतने विस्तार के बाद फिर इस सरल दिखने वाले काम को जीवन का केंद्र बनाना बहुत बड़ा आत्मानुशासन माँगता है।
मेरे मन में तो सीधी बात आती है—अठासी संभागों में डॉक्टर हेडगेवार जैसी उत्कट ध्येय साधना करने की आवश्यकता है। एक ही व्यक्ति की प्रतिकृतियाँ नहीं बन सकतीं, लेकिन एक-एक स्वयंसेवक को गढ़ने की वैसी तन्मयता, वैसी आत्मीयता और वैसी ध्येयनिष्ठा तो चाहिए। केंद्रीय नेतृत्व से लेकर स्थानीय कार्यकर्ता तक उसी भाव की निरंतरता बने, तभी रचना में प्राण आएँगे।
मान लीजिए, किसी कार्यकर्ता ने वर्षों तक ऐसे क्षेत्र में काम किया जहाँ बड़े मंच थे, स्थापित संस्थाएँ थीं, स्वागत था, व्यापक परिचय था। अब उसे किसी छोटे नगर या बस्ती में बैठकर बालकों और युवकों के साथ नियमित शाखा खड़ी करनी हो। उसके अनुभव की उपयोगिता बनी रहेगी, लेकिन उसे अपने व्यवहार, बातचीत के ढंग, समय के उपयोग और जीवन की लय को नए काम के अनुकूल बनाना आवश्यक होगा। दायित्व की घोषणा होते ही मन की आदतें नहीं बदल जातीं। उसके लिए भीतर की तैयारी चाहिए।
जिसके मन में ध्येय प्रखर होगा, वह नए काम में आनंद पाएगा। जहाँ किसी विशेष प्रकार की भूमिका का आग्रह बैठ गया होगा, वहाँ कठिनाई आएगी। किसी को समय लगेगा, किसी को आत्ममंथन करना पड़ेगा, किसी के भीतर प्रतिरोध भी उठ सकता है। इसीलिए इस परिवर्तन को हलका समझना भूल होगी। इसमें केवल दायित्व बाँटने की प्रशासनिक कुशलता पर्याप्त नहीं होगी। कार्यकर्ताओं को समझना, उन्हें तैयार करना और स्वयं अपने व्यवहार से दिशा देना भी उतना ही आवश्यक होगा।
राज्य स्तर पर विविध क्षेत्रों के साथ काम करने वालों की चुनौती भी कम नहीं होगी। उन्हें विषय समझने होंगे, अलग-अलग स्वभाव के कार्यकर्ताओं को जोड़ना होगा और व्यापक संपर्क के बीच अपनी अनासक्ति बनाए रखनी होगी। दत्तोपंत ठेंगड़ी, यशवंतराव केलकर, मोरोपंत पिंगले और अशोक सिंघल जैसे कार्यकर्ताओं का स्मरण इसीलिए आता है। उन्होंने बड़े कार्य खड़े किए और अपना जीवन उन कार्यों में खपा दिया।
अशोक सिंघल जी को देखता था तो उनके व्यक्तित्व की विराटता के साथ उनकी विनम्रता भी ध्यान खींचती थी। साधु-संतों के प्रति उनके आदर में अपने प्रभाव का प्रदर्शन नहीं दिखता था। ऐसी वृत्ति पद मिलने से नहीं आती; उसे जीवन में साधना पड़ता है। मुझे इस निर्णय में डॉक्टर हेडगेवार के व्यक्ति निर्माण, पूजनीय गुरुजी की ध्येयनिष्ठा और बालासाहब देवरस की समाजदृष्टि की परंपरा का स्मरण दिखाई देता है।
मैं नेतृत्व के भीतर की चर्चाओं को जानने का दावा नहीं कर रहा। लेकिन इतना अवश्य लगता है कि व्यापक संगठन को अपनी आदतों की कठिन परीक्षा के लिए तैयार करने वाला निर्णय गहरी दूरदृष्टि और आत्मविश्वास माँगता है।
श्रद्धेय मोहनराव भागवत जी और श्रद्धेय दत्तात्रेय होसबाले जी और उनके सहयोगियों के सामने इस दिशा को व्यवहार में उतारने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। सीमाएँ खींचना एक काम है; उन सीमाओं के भीतर कार्य की नई लय पैदा करना उससे कहीं अधिक कठिन काम है और यह कसौटी केवल पूर्णकालिक प्रचारकों की नहीं होगी। विद्यार्थी, व्यापारी, नौकरी करने वाला, गृहस्थ—हर स्वयंसेवक को देखना होगा कि राष्ट्रकार्य उसके अपने जीवन में कहाँ है।
गृहस्थ अपने परिवार और आजीविका का उत्तरदायित्व निभाते हुए भी नियमित समय दे सकता है, शाखा सँभाल सकता है और अपने आसपास विश्वास तथा संगठन खड़ा कर सकता है। जीवन की परिस्थितियाँ अलग होंगी; ध्येय के प्रति ईमानदारी की अपेक्षा सबके लिए रहेगी।
सरकार देश की है, जनता की चुनी हुई है। उसके अपने दायित्व हैं। स्वयंसेवक का सामाजिक दायित्व उसके अपने समय, श्रम और आचरण से पूरा होगा। “सरकार क्या कर रही है?” की चर्चा में उलझकर “मैं क्या कर रहा हूँ?” का प्रश्न पीछे नहीं छूटना चाहिए। शाखा में आने वाला बालक किसी बड़े व्यक्ति से हमारा परिचय देखकर नहीं बनेगा। वह हमारे समय, स्नेह, अनुशासन और उदाहरण से बनेगा। यही वह मूल काम है जिसके लिए बार-बार लौटना पड़ता है।
कबीर की पंक्तियाँ याद आती हैं—
कबिरा खड़ा बाज़ार में, लिए लुकाठी हाथ।
जो घर फूँके आपना, चले हमारे साथ॥”
यह अपने अहंकार, स्वार्थ और मान की आसक्ति को छोड़कर ध्येय के लिए खड़े होने का आह्वान है। प्रचारक ने घर छोड़ा है, पर भीतर के छोटे आग्रहों से मुक्ति की साधना उसे भी निरंतर करनी है। गृहस्थ अपने घर में रहते हुए उस साधना में सहभागी हो सकता है।
राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों का स्मरण हमें प्रेरणा देता है। उसी राष्ट्र के लिए प्रतिदिन अनुशासित होकर जीना, वर्षों तक एक ही ध्येय में लगे रहना और अपने बनाए प्रभाव के बीच भी सरल बने रहना लंबी तपस्या है। नई रचना की सफलता इसी तपस्या पर निर्भर करेगी। ऐसे परिवर्तन में असुविधा होगी। पुरानी आदतों पर चोट भी पड़ेगी। यह केवल सुनार की हलकी ठकठक से होने वाला काम नहीं है; जमी हुई मनोवृत्तियों को बदलने के लिए कभी लोहार के हथौड़े जैसी दृढ़ता भी चाहिए।
यहाँ कसौटी होगी अपने आग्रह छोड़ने और कार्य की आवश्यकता स्वीकार करने की। इसलिए मुझे यह निर्णय आने वाले सौ वर्षों की तैयारी का गंभीर प्रयास लगता है। इतिहास में इसका महत्व तभी सिद्ध होगा जब इसका परिणाम अधिक जीवंत शाखाओं, अधिक आत्मीय संपर्क और अधिक समर्पित स्वयंसेवकों के रूप में दिखाई देगा।
मैं अपने मित्रों से यही कहना चाहता हूँ—88 संभागों की संख्या के आगे भी देखिए। उसके भीतर उस मनुष्य को देखिए जिसे फिर अपने ध्येय के सामने खड़ा होना है। मुझे इस परिवर्तन की सबसे बड़ी कसौटी यही दिखाई देती है—सौ वर्ष के विस्तार और प्रभाव को सँभालते हुए, व्यक्ति निर्माण के लिए फिर डॉक्टर हेडगेवार जैसी तन्मयता से जुटना।
— महेश शर्मा
———————————————
तथ्य-संदर्भ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 4 नवंबर 2026 की आधिकारिक सूचना—अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के बाद सरकार्यवाह जी की पत्रकार वार्ता। लेख में निर्णय के व्यापक अर्थ का विवेचन मेरे अनुभव और आकलन पर आधारित है।