चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 10 नवंबर।
पूर्व कछाड़ प्रेस क्लब की एक महत्वपूर्ण सभा मंगलवार को आयोजित की गई। सभा में क्लब के पिछले वर्ष के कार्यों, उपलब्धियों एवं आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही सर्वसम्मति से क्लब की नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया।
सभा में क्लब के कोषाध्यक्ष असीम रॉय ने पिछले वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। वहीं, महासचिव पुलक कुमार दास ने अपने प्रतिवेदन में पिछले एक वर्ष के दौरान क्लब की ओर से किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
सभा में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार पुलक कुमार दास को अध्यक्ष, चंद्र नारायण सिंह को उपाध्यक्ष, शहादत अली बड़भुइयां को महासचिव, दीपिका मल्लिक को सह-सचिव तथा असीम रॉय को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इसके अतिरिक्त कबीर अहमद लस्कर, अमर दास, चंद्रशेखर ग्वाला, भूपेन सिंह एवं राजीव सिंह को कार्यकारिणी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में पैलापुल में निर्धारित स्थान पर प्रेस क्लब के भवन एवं चारदीवारी के निर्माण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने क्लब के बुनियादी ढांचे के विकास तथा पत्रकारों के हित में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर क्लब परिसर में ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने तथा कई सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
सभा में उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी से क्लब की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पत्रकारों के हितों और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की उम्मीद जताई।