आंतरिक सुरक्षा की बदली रणनीति निर्णायक राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण बनी
दशकों तक नक्सली हिंसा के गवाह रहे भारत के जंगलों में आज बदलाव की नई बयार बह रही है। जिन क्षेत्रों में कभी गोलियों की आवाज़, बारूदी सुरंगों का भय और घात लगाकर किए जाने वाले हमलों का खतरा बना रहता था, उन्हीं क्षेत्रों में आज सुरक्षा बलों के जवान त्योहारों की खुशियाँ मनाते दिखाई दे रहे हैं। यह बदलती हुई आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण संकेत है।
किसी भी राष्ट्र की संप्रभुता, विकास और प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार उसकी आंतरिक सुरक्षा होती है। देश की सीमाओं की रक्षा करना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक देश के भीतर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी है। लेकिन स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक नक्सलवाद रहा। देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में फैला तथाकथित ‘रेड कॉरिडोर’ एक समय सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया था।
घने जंगलों के बीच अभियान चलाने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लिए हर कदम जोखिम से भरा होता था। किस क्षण बारूदी सुरंग में विस्फोट हो जाए या किस दिशा से गोलियाँ चलने लगें, इसका कोई भरोसा नहीं था। ऐसी परिस्थितियों में भी हमारे जवान लगातार अपने कर्तव्य का निर्वहन करते रहे।
हालाँकि, पिछले कुछ वर्षों में इस स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है। इस बदलाव के पीछे राजनीतिक इच्छाशक्ति, सुरक्षा रणनीति और विकास योजनाओं की भूमिका का विश्लेषण करना आवश्यक है।
– संग्रहित