ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ नशामुक्त समाज निर्माण का विधायक राजदीप गोवाला ने दिया संदेश
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद। ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की पहल पर खेल महारण 3.0 का शुभारंभ हुआ। उधारबंद जीपी स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन डीएनएचएस स्कूल के खेल मैदान में विधायक राजदीप गोवाला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से खेलकूद के माध्यम से नशामुक्त समाज और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सर्किल अधिकारी प्रणबानंद दोवारा, खंड विकास अधिकारी साधना काथारपी, क्षेत्रीय पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, उपाध्यक्ष अमिता चक्रवर्ती, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, ग्राम पंचायत अध्यक्ष काकली कर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाता। खेल महारण के माध्यम से पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक, विधानसभा, जिला और राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेलकूद युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है।
सर्किल अधिकारी प्रणबानंद दोवारा ने भी खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उद्घाटन के बाद 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता के साथ खेल महारण 3.0 की शुरुआत हुई।
दो सड़कों और विद्यालय की चहारदीवारी का शिलान्यास
इस अवसर पर विधायक राजदीप गोवाला ने वीबी-जी रामजी योजना के तहत दो सड़कों तथा योगेश चंद्र बालिका विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विद्यालय की ओर से विधायक को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोराम सतनामी, उपाध्यक्ष मानिक उद्दीन बरभुइयां, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। स्वागत भाषण शिक्षक खैरुल इस्लाम बरभुइयां ने दिया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक ने बताया कि विद्यालय के लिए एक पूर्ण भवन निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और शिक्षा मंत्री रानोज पेगू से अनुरोध किया है। उन्होंने शीघ्र ही इसके लिए धनराशि स्वीकृत होने की उम्मीद जताई।