उधारबंद, 7 नवंबर। कछार जिले के उधारबंद स्थित साढ़े चार माइल इलाके में भीषण अग्निकांड में एक फर्नीचर की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। दुकान में रखी एक नई बाइक भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखे कीमती लकड़ी के फर्नीचर और नई बाइक जलकर राख हो गई। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही उधारबंद अग्निशमन विभाग और उधारबंद थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की सात गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
उल्लेखनीय है कि घटनास्थल के ठीक बगल में कई आवासीय मकान स्थित थे। दमकलकर्मियों की तत्परता और समय पर पहुंचने के कारण आसपास के घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।