राधामाधव नगर काली पूजा समिति की ओर से संवाददाता सम्मेलन आयोजित

शिलचर। शिलचर के मंदिरदिघि पार इलाके में स्थित राधामाधव नगर काली पूजा समिति की ओर से आज काली पूजा के अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस वर्ष समिति की काली पूजा अपने 59वें वर्ष में प्रवेश कर रही है।

संवाददाता सम्मेलन में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे। इससे पहले जल के भीतर से मां काली का आविर्भाव, कृष्ण जन्म, समुद्र मंथन सहित विभिन्न आकर्षक विषयों को प्रस्तुत किया जा चुका है। लेकिन इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण ‘बारह महीने में तेरह पर्व’ की थीम होगी।

पंडाल के प्रवेश द्वार पर दर्शकों के लिए विशेष वाटर फाउंटेन की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही बंगाल की परंपरा एवं संस्कृति से जुड़े वर्ष के विभिन्न महीनों के त्योहारों और पूजा-पर्वों के दृश्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण चैत्र महीने में आयोजित होने वाले पारंपरिक हरगौरी चड़क मेले का दृश्य होगा। काली मंदिर के मंडप के समीप दर्शकों को इस चड़क मेले का विशेष माहौल और आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी।

समिति की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे एक बार मंदिरदिघि पार स्थित राधामाधव नगर पहुंचकर इस विशेष आयोजन का आनंद अवश्य लें।

Leave a Comment