हस्तनिर्मित वस्तुओं, हस्तशिल्प, कलाकृतियों और व्यंजनों के स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
शिलचर: दीपावली मिलन उत्सव के अवसर पर मेहरपुर स्थित सरला बिरला ज्ञान ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को ‘कौशल मेला’ आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और उद्यमशीलता का शानदार परिचय दिया।
‘रोशनी, स्वाद और हस्तशिल्प’ की थीम पर आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार की गई विभिन्न वस्तुओं, हस्तशिल्प, कलाकृतियों, खाद्य पदार्थों और रचनात्मक परियोजनाओं के स्टॉल लगाए। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तथा राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक हारान दे और विद्यालय की प्रधानाचार्या अपर्णा फिलिप ने किया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गुजराती गरबा नृत्य ने समारोह के उत्सवी माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।
मुख्य अतिथि हारान दे ने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की रचनात्मक एवं पाठ्येतर गतिविधियां विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रधानाचार्या अपर्णा फिलिप ने पिछले वर्ष के दीपावली उत्सव की यादें साझा करते हुए बताया कि गरबा नृत्य और लगभग तीन हजार मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित कर विद्यालय में विशेष उत्सवी माहौल बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहता। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, व्यावहारिक कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाकर उन्हें भविष्य के लिए योग्य एवं आत्मनिर्भर बनाना ही संस्थान का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय शकुंतला पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए प्रधानाचार्या ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।